बेंगलुरु के सम्पीगेहल्ली थाना क्षेत्र के थिरुमेनहल्ली इलाके में एक खाली प्लॉट की सफाई के दौरान बेड के अंदर महिला का शव मिलने से हड़कंप मच गया. पुलिस के अनुसार, प्लॉट में लंबे समय से झाड़ियां और घनी वनस्पति उगी हुई थी. सफाई के लिए पहुंचे मजदूरों ने बेड हटाने की कोशिश की तो उसमें से एक पैर बाहर दिखाई दिया. इसके बाद स्थानीय लोगों को सूचना दी गई और पुलिस को बुलाया गया.
सम्पीगेहल्ली पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की. पुलिस के मुताबिक, शव को बेडशीट में लपेटकर रस्सी से बांधा गया था. शव की हालत काफी खराब हो चुकी थी. शुरुआती जांच में उसके एक महीने से अधिक समय से वहां पड़े होने की बात सामने आई है. हालांकि, शव को प्लॉट तक किस तरह पहुंचाया गया और बेड वहां कैसे रखा गया, इसकी जांच जारी है.
कपड़ों के टैग से हुई पहचान
शुरुआत में मृतका की पहचान नहीं हो सकी थी. जांच के दौरान पुलिस को उसके कपड़ों पर लगे टैग से सुराग मिला. कपड़े की खरीद से जुड़ी जानकारी जुटाने के बाद पुलिस ने मृतका की पहचान ओडिशा की रहने वाली 28 वर्षीय अनुसूया के रूप में की. पुलिस ने उसके परिचितों और होटल में काम करने वाले लोगों से भी पूछताछ की.
पुलिस के अनुसार, अनुसूया अपने पति सागर चंद्र रावत के साथ बेंगलुरु में रहती थी. दोनों ने करीब दो साल पहले प्रेम विवाह किया था और अलग-अलग होटलों में काम करते थे. सागर एक होटल में किचन सुपरवाइजर था. जांच में दोनों के बीच पैसों को लेकर विवाद की जानकारी सामने आने की बात पुलिस ने कही है.
पुलिस के मुताबिक, 11 अगस्त को अनुसूया अपने पति के कार्यस्थल पर गई थी और दोनों के बीच वेतन को लेकर बातचीत हुई थी. इसके बाद दोनों घर लौटे, जहां विवाद जारी रहने की बात सामने आई. पुलिस का आरोप है कि इसी दौरान सागर ने अनुसूया की गला दबाकर हत्या कर दी.
जांच एजेंसी को शक है कि हत्या के बाद शव करीब तीन दिन तक घर में रखा गया और फिर उसे बेडशीट में लपेटकर खाली प्लॉट में छोड़ दिया गया. पुलिस ने सागर चंद्र रावत को गिरफ्तार कर लिया है. अब हत्या की परिस्थितियों, शव को प्लॉट तक ले जाने और आरोपी की कथित भूमिका से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है.
