बेंगलुरु और गोवा के बीच सीधी वंदे भारत कनेक्टिविटी शुरू करने की तैयारी है. रेलवे ने मौजूदा मडगांव-मंगलुरु वंदे भारत एक्सप्रेस को मंगलुरु जंक्शन के रास्ते बेंगलुरु के यशवंतपुर तक बढ़ाने का फैसला किया है. इससे बेंगलुरु, तटीय कर्नाटक और गोवा के बीच सीधे रेल संपर्क का विकल्प मिलेगा.

प्रस्तावित रूट में यशवंतपुर से हासन, सकलेशपुर, सुब्रह्मण्य रोड, मंगलुरु क्षेत्र, उडुपी और करवार होते हुए गोवा के मडगांव तक ट्रेन चलने की जानकारी सामने आई है. रिपोर्टों में इस सेवा के लिए कुल 14 ठहराव बताए गए हैं. हालांकि, अंतिम समय-सारिणी और वाणिज्यिक स्टॉप की आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है.

यात्रा में कितना समय लगेगा

यशवंतपुर से मडगांव तक सफर में करीब 13 घंटे लगने की उम्मीद है. फरवरी में सामने आए प्रस्तावित शेड्यूल के मुताबिक ट्रेन यशवंतपुर से सुबह 6:05 बजे रवाना होकर शाम 7:15 बजे मडगांव पहुंच सकती है. वापसी में मडगांव से सुबह 5:30 बजे चलकर ट्रेन शाम 6:40 बजे यशवंतपुर पहुंचने का अनुमान है.

सितंबर में यशवंतपुर-मंगलुरु खंड पर 16 कोच वाली ट्रेन का परीक्षण किया गया था. इस दौरान एक दिशा में लगभग 7 घंटे 5 मिनट और दूसरी दिशा में 6 घंटे 49 मिनट का समय लगा. यात्री संगठनों ने बेंगलुरु-मंगलुरु यात्रा अवधि को करीब 11 घंटे तक घटाने की मांग की है.