बेंगलुरु के कोडिहल्ली इलाके में 22 वर्षीय लॉ छात्रा अमृता की चाकू से हमला किए जाने के बाद मौत हो गई. पुलिस के अनुसार, घटना 13 जुलाई को एचएएल रोड के पास शाम करीब 4:30 बजे हुई थी. हमले का CCTV फुटेज अब सामने आया है. अमृता ने 15 जुलाई की शाम अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया.

पुलिस ने इस मामले में धनुष और उसके छोटे भाई सूर्य को गिरफ्तार किया है. दोनों से पूछताछ की जा रही है. मामला जीवन भीमा नगर पुलिस थाने में दर्ज किया गया है.

रिश्ते से दूरी बनाने के बाद विवाद

पुलिस के मुताबिक, अमृता, धनुष और सूर्य एक ही इलाके में रहते थे. दोनों परिवार धार्मिक कार्यक्रमों के माध्यम से एक-दूसरे को जानते थे. अमृता और धनुष की पहले दोस्ती हुई और बाद में दोनों के बीच रिश्ता बना.

जांच के अनुसार, अमृता को धनुष के अतीत के बारे में जानकारी मिली. पुलिस का कहना है कि धनुष पहले शादीशुदा था, उसका तलाक हो चुका था और उसका एक बच्चा भी है. इसके बाद अमृता ने रिश्ता खत्म कर लिया और धनुष से दूरी बना ली.

पुलिस के अनुसार, धनुष का भाई सूर्य इस फैसले से नाराज था. उसने अमृता को कथित तौर पर धमकी भी दी थी. 13 जुलाई को दोनों के बीच बहस हुई, जिसके बाद सूर्य ने अमृता पर चाकू से हमला किया. पुलिस के मुताबिक, उनकी छाती और पीठ पर वार किए गए.

हमले के बाद आरोपी मौके से भागने लगा, लेकिन स्थानीय लोगों ने उसे पकड़ लिया. अमृता का 48 घंटे से अधिक समय तक अस्पताल में इलाज चला. डॉक्टरों के प्रयासों के बावजूद उनकी मौत हो गई. पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है.