बेंगलुरु में 22 वर्षीय लॉ स्टूडेंट अमृता की चाकू मारकर हत्या किए जाने का मामला सामने आया है. पुलिस के अनुसार, 13 जुलाई को एचएएल रोड के कोडिहल्ली इलाके में शाम करीब 4:30 बजे उन पर हमला हुआ था. घटना का CCTV फुटेज अब सामने आया है.
पुलिस ने इस मामले में धनुष और उसके छोटे भाई सूर्य को गिरफ्तार किया है. दोनों से पूछताछ की जा रही है. मामला जीवन भीमा नगर पुलिस थाने में दर्ज किया गया है.
पुलिस के मुताबिक क्या हुआ
मीडिया रिपोर्ट्स में पुलिस के हवाले से बताया गया है कि अमृता, धनुष और सूर्य एक ही इलाके में रहते थे. उनके परिवार धार्मिक आयोजनों के जरिए एक-दूसरे को जानते थे. अमृता और धनुष की पहले दोस्ती हुई, जो बाद में रिश्ते में बदल गई.
पुलिस के अनुसार, अमृता को धनुष के पहले के वैवाहिक जीवन और उसके एक बच्चे के बारे में पता चला. इसके बाद उन्होंने रिश्ता खत्म कर धनुष से दूरी बना ली. पुलिस का कहना है कि इससे सूर्य नाराज था और उसने अमृता को धमकी भी दी थी.
13 जुलाई को अमृता और सूर्य के बीच कहासुनी हुई. आरोप है कि इसी दौरान सूर्य ने उन पर चाकू से हमला किया. पुलिस के मुताबिक, अमृता के सीने और पीठ पर वार किए गए. हमले के बाद आरोपी मौके से भागा, लेकिन वहां मौजूद लोगों ने उसे पकड़ लिया.
अमृता को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां 48 घंटे से अधिक समय तक उनका इलाज चला. डॉक्टरों के प्रयासों के बावजूद 15 जुलाई की शाम उनकी मौत हो गई. पुलिस ने धनुष और सूर्य के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर दोनों को गिरफ्तार किया है. मामले की जांच जारी है.
