बेंगलुरु से 31 जनवरी को लापता हुई 18 वर्षीय द्वितीय वर्ष की PUC छात्रा को पुलिस ने सात महीने से अधिक समय बाद खोज लिया. पुलिस के अनुसार, छात्रा विद्यारण्यपुरा स्थित घर से एक नाबालिग सहेली के साथ कॉलेज जाने की बात कहकर निकली थी. दोनों अपने मोबाइल फोन और अन्य सामान घर पर छोड़ गई थीं और केवल आधार कार्ड व कॉलेज बैग साथ ले गई थीं.

जांच के शुरुआती चरण में पुलिस ने बेंगलुरु के अलावा कई अन्य स्थानों पर तलाश की, लेकिन कोई ठोस सुराग नहीं मिला. बाद में कर्नाटक हाई कोर्ट के निर्देश पर अप्रैल में Criminal Investigation Department (CID) ने जांच संभाली.

पुलिस को इस सप्ताह तब अहम सुराग मिला, जब छात्रा ने किसी सरकारी योजना के लिए अपने आधार विवरण का इस्तेमाल किया. आवेदन में OTP प्राप्त करने के लिए दर्ज मोबाइल नंबर उसके पति से जुड़ा मिला. नंबर के आधार पर पुलिस उसके पति तक पहुंची और पूछताछ के बाद छात्रा को कनकपुरा तालुक के एक गांव से बरामद किया.

पुलिस के मुताबिक, छात्रा की शादी हो चुकी है और वह गर्भवती है. हाई कोर्ट में पेश किए जाने के बाद उसे उसके माता-पिता को सौंप दिया गया. उसके साथ गई नाबालिग लड़की की तलाश अभी जारी है.