बेमेतरा जिले के बेरला थाना क्षेत्र में साइबर ठगी की रकम के लेनदेन के लिए बैंक खाते उपलब्ध कराने के आरोप में पुलिस ने चार लोगों को गिरफ्तार किया है. पुलिस के अनुसार, आरोपियों के चार बैंक खातों से वर्ष 2024 में कुल 42 लाख 71 हजार 94 रुपये का संदिग्ध लेनदेन हुआ. चारों को न्यायिक रिमांड पर न्यायालय में पेश किया गया है.
पुलिस के मुताबिक, ग्राम बोरिया के कुछ बैंक खातों का इस्तेमाल साइबर धोखाधड़ी की रकम प्राप्त करने के लिए किए जाने की सूचना मिली थी. जांच में पीयूष टंडन, प्रेमसागर टंडन और तुषार बंजारे के खातों के म्यूल अकाउंट के रूप में इस्तेमाल होने की जानकारी सामने आई. पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की.
खाते और ATM कार्ड देने के बदले रकम
जांच में पुलिस को पता चला कि पीयूष टंडन की पहचान भिलाई के सुपेला स्थित एक होटल में काम करने के दौरान अभिषेक दुर्गा से हुई थी. पुलिस का कहना है कि अभिषेक ने बैंक खाता और ATM कार्ड उपलब्ध कराने के बदले पैसे देने की बात कही थी. इसके बाद पीयूष ने अपना खाता 6 हजार रुपये, प्रेमसागर ने 3 हजार रुपये और तुषार ने पंजाब नेशनल बैंक तथा बंधन बैंक के खाते उपलब्ध कराने के बदले 2,500 रुपये लिए.
बैंक से मिली जानकारी के अनुसार, पीयूष के बैंक ऑफ इंडिया खाते में 3 लाख 42 हजार 813 रुपये, प्रेमसागर के पंजाब नेशनल बैंक खाते में 12 लाख 59 हजार 815 रुपये, तुषार के पंजाब नेशनल बैंक खाते में 16 लाख 99 हजार 532 रुपये और बंधन बैंक खाते में 9 लाख 68 हजार 934 रुपये का लेनदेन हुआ. यह लेनदेन 1 जनवरी से 31 दिसंबर 2024 के बीच का है.
कई राज्यों से शिकायतें मिलीं
पुलिस के अनुसार, तुषार के पंजाब नेशनल बैंक खाते से जुड़े मामलों में हरियाणा, पंजाब, गुजरात और महाराष्ट्र से पांच शिकायतें मिली हैं. इनमें 3 लाख 64 हजार रुपये की ठगी की रकम का उल्लेख है. उसके बंधन बैंक खाते के संबंध में हरियाणा और महाराष्ट्र से दो शिकायतें मिलीं, जिनकी राशि 11,800 रुपये बताई गई है. प्रेमसागर के खाते के संबंध में झारखंड और पीयूष के बैंक ऑफ इंडिया खाते के संबंध में उत्तर प्रदेश से भी शिकायत सामने आई है.
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अभिषेक दुर्गा (22), पीयूष टंडन (24), तुषार बंजारे (22) और प्रेमसागर टंडन (21) के रूप में हुई है. पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 317(2), 317(4), 317(5) और 3(5) के तहत कार्रवाई की है.
