केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने बर्लिन में भारतीय विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी शोधकर्ताओं और छात्रों से बातचीत के दौरान सीजेपी नेता अभिजीत दीपके पर तंज कसा. उन्होंने विदेशों में मौजूद भारतीय प्रतिभाओं को देश वापस लाने के उपायों पर चर्चा करते हुए चीन के प्रतिभा-वापसी कार्यक्रम का उदाहरण दिया.
गोयल ने कहा कि भारत को भी वैश्विक स्तर पर मौजूद वैज्ञानिकों, शोधकर्ताओं और तकनीकी विशेषज्ञों को वापस लाने के तरीके तलाशने चाहिए, लेकिन ऐसी नीतियां देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था के अनुरूप होनी चाहिए. चीन के मॉडल पर सवाल पूछे जाने पर उन्होंने लोकतंत्र और तानाशाही के बीच अंतर का उल्लेख किया.
मंत्री ने कहा कि यदि सरकार प्रतिभा-वापसी के लिए योजनाएं बनाती है, तो कुछ लोग यह सवाल उठा सकते हैं कि छात्रों की फंडिंग और छात्रवृत्ति देना सरकार की जिम्मेदारी है. इसी संदर्भ में उन्होंने अभिजीत दीपके का नाम लेते हुए ऐसी सोच को नीतिगत चुनौती बताया.
गोयल ने छात्रों से भारत लौटने और देश के विकास में योगदान देने के लिए नए विचार साझा करने को कहा. उन्होंने शोध, नवाचार और स्टार्टअप से जुड़े भारतीयों को अंतरराष्ट्रीय प्रदर्शनियों और व्यापार मेलों में मंच दिलाने के लिए सरकारी समर्थन का आश्वासन भी दिया.
गोयल 22 से 27 अक्टूबर तक जर्मनी और नीदरलैंड्स की आधिकारिक यात्रा पर हैं. उनके साथ करीब 100 भारतीय कारोबारी और स्टार्टअप प्रतिनिधियों का दल है.
