अहमदाबाद के भाड़ज स्थित द स्पायर अपार्टमेंट में इस वर्ष पहली बार गणेशजी की स्थापना के साथ सात दिवसीय गणेशोत्सव मनाया जा रहा है. उत्सव के सातवें दिन भगवान गणपति को छप्पन भोग का अन्नकूट अर्पित किया गया. सोसायटी के निवासियों ने अपने घरों में तैयार की गई अलग-अलग पकवानों और प्रसाद से यह अन्नकूट सजाया.
गणेश चतुर्थी के दिन विधिवत पूजा-अर्चना और मंत्रोच्चार के साथ गणपति की प्रतिमा स्थापित की गई थी. स्थापना कार्यक्रम में बड़ी संख्या में निवासी शामिल हुए. इस दौरान परिवारों की सुख-शांति, समृद्धि और अच्छे स्वास्थ्य के लिए प्रार्थना की गई.
भजन-कीर्तन और महाआरती का आयोजन
गणेशोत्सव के दौरान सोसायटी में सुबह-शाम महाआरती, कीर्तन और पूजा-अर्चना की जा रही है. महिलाओं ने विशेष भजन संध्या आयोजित की, जिसमें गणेश वंदना और विभिन्न भक्ति गीत प्रस्तुत किए गए. निवासियों ने भी भजन-कीर्तन में भाग लिया.
आयोजन में बच्चों और युवाओं ने भी उत्साह से हिस्सा लिया. आरती और भक्ति गीतों से अपार्टमेंट परिसर में धार्मिक माहौल बना रहा. निवासी सामूहिक रूप से कार्यक्रमों में शामिल होकर उत्सव मना रहे हैं.
छप्पन भोग अन्नकूट के दर्शन के लिए सोसायटी के निवासियों के साथ आसपास के लोग और परिवारजन भी पहुंचे. श्रद्धालुओं ने गणपति के दर्शन किए और प्रसाद ग्रहण किया. पूरे सात दिवसीय आयोजन के दौरान ‘गणपति बाप्पा मोरया’ के जयघोष के साथ उत्सव मनाया जा रहा है.
