बिहार के भागलपुर जिले में गंगा नदी का जलस्तर बढ़ने से कई इलाकों में बाढ़ की स्थिति बनी हुई है. जलभराव के कारण प्रभावित गांवों तक सामान्य वाहनों की आवाजाही मुश्किल हो गई है. ऐसे में शाहकुंड प्रखंड की सर्किल ऑफिसर (CO) हर्षा कोमल प्रशासनिक टीम के साथ ट्रैक्टर पर राहत सामग्री लेकर गांवों तक पहुंचीं.
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, हर्षा कोमल का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. वीडियो में वह ट्रैक्टर पर बैठकर राहत सामग्री के साथ बाढ़ प्रभावित इलाकों की ओर जाती दिखाई दे रही हैं. उनके साथ प्रशासन के अधिकारी और कर्मचारी भी मौजूद हैं.
छह पंचायतों में पहुंच प्रभावित
शाहकुंड प्रखंड की खुलनी, पैरडो मोमिन्या माल, बेलथू, खैरा, मकंदपुर और दरियापुर पंचायतों में बाढ़ का असर बताया गया है. कई जगह पानी भरने से आवागमन ठप या बाधित है. इससे राहत और बचाव दलों के सामने प्रभावित लोगों तक पहुंचने की चुनौती बढ़ गई है.
प्रशासन की टीम ने ट्रैक्टर के जरिए इन इलाकों में पहुंचकर जरूरतमंद लोगों के बीच राहत सामग्री बांटी. CO हर्षा कोमल प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर राहत वितरण की व्यवस्था की निगरानी कर रही हैं.
रिपोर्ट के मुताबिक, भागलपुर जिले में 86 से अधिक पंचायतें बाढ़ से प्रभावित हैं. प्रशासन की टीमें प्रभावित परिवारों को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाने और उनके लिए भोजन तथा अन्य जरूरी सामग्री की व्यवस्था में जुटी हैं.
जहां कार या दूसरे सामान्य वाहन नहीं पहुंच पा रहे हैं, वहां ट्रैक्टर का इस्तेमाल राहत सामग्री ले जाने के लिए किया जा रहा है. प्रशासन का कहना है कि प्रभावित इलाकों की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है.
