पाकिस्तान ने पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान को लाहौर में होने वाली World Punjabi Conference में शामिल होने के लिए वीजा देने पर विचार करने की बात कही है. पाकिस्तान के विदेश कार्यालय के प्रवक्ता सज्जाद हैदर खान ने 6 नवंबर की साप्ताहिक प्रेस ब्रीफिंग में कहा कि यदि मान पाकिस्तान जाना चाहते हैं, तो सरकार उनके वीजा पर विचार करेगी.

प्रवक्ता ने साथ ही स्पष्ट किया कि मान को भारत से पाकिस्तान जाने की अनुमति मिलेगी या नहीं, यह अलग विषय है और इसका फैसला भारत सरकार को करना होगा.

भगवंत मान ने 23 अक्टूबर को पंजाब विधानसभा में बताया था कि उन्हें 27 नवंबर को लाहौर में होने वाले सम्मेलन का निमंत्रण मिला है. उन्होंने भारत और पाकिस्तान के पंजाब की साझा संस्कृति का उल्लेख करते हुए यात्रा की इच्छा जताई थी, लेकिन अनुमति को लेकर अनिश्चितता भी जाहिर की थी.

मान ने यह भी कहा था कि यदि करतारपुर कॉरिडोर दोबारा खुलता है, तो पंजाब विधानसभा के सभी सदस्यों को करतारपुर साहिब ले जाना उनकी इच्छा है. कॉरिडोर से जुड़ी तीर्थयात्रा फिलहाल निलंबित है.