भारत दुनिया के बड़े कृषि उत्पादकों में शामिल है, लेकिन प्रमुख खाद्य फसलों की प्रति इकाई पैदावार के लिए चीन, ब्राजील और अमेरिका की तुलना में दो से तीन गुना अधिक पानी खर्च करता है. इसका एक बड़ा कारण खेतों में अब भी व्यापक रूप से इस्तेमाल होने वाली पारंपरिक बाढ़ सिंचाई है, जिसकी जल-दक्षता करीब 35-40 प्रतिशत बताई जाती है. इसके मुकाबले ड्रिप सिंचाई में दक्षता 90 प्रतिशत तक पहुंच सकती है.

भारत में सिंचित कृषि भूमि का लगभग 19 प्रतिशत हिस्सा माइक्रो-इरिगेशन के तहत है, जबकि अमेरिका, ब्राजील, फ्रांस और कनाडा में यह अनुपात 50 प्रतिशत से अधिक तथा इजरायल में करीब 90 प्रतिशत है.

धान की खेती इस दबाव को और बढ़ाती है. पंजाब में एक मौसम के दौरान रोपाई वाले धान को लगभग 140-160 सेंटीमीटर पानी चाहिए. एक किलोग्राम चावल के उत्पादन में 3,000-5,000 लीटर पानी लग सकता है.

भारत की प्रति व्यक्ति जल उपलब्धता 1951 के 5,000 घन मीटर से घटकर 2021 में करीब 1,486 घन मीटर रह गई. विशेषज्ञ फसल विविधीकरण, डायरेक्ट-सीडेड राइस, ड्रिप-स्प्रिंकलर सिंचाई और भूजल संरक्षण के लिए बेहतर प्रोत्साहन की जरूरत बताते हैं.