बलौदाबाजार जिले के भाटापारा ग्रामीण थाना क्षेत्र में कच्चा सोना बेचने का झांसा देकर एक युवक से 20 हजार रुपए ठगने के आरोप में पुलिस ने दो लोगों को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने आरोपियों के पास से 8,500 रुपए नकद और ठगी में इस्तेमाल किया गया नकली सोने जैसा टुकड़ा जब्त किया है.
पुलिस के मुताबिक, ग्राम सिनोधा निवासी उमेश कुमार वर्मा (19) ने 17 नवंबर को शिकायत दर्ज कराई थी. उमेश ने बताया कि 16 नवंबर को गांव के राहुल यदु ने फोन कर ग्राम गोरदी निवासी पोषण गिरी गोस्वामी के पास कच्चा सोना होने की जानकारी दी. इसके बाद पोषण ने उसे सोनबरसा के पास मिलने के लिए बुलाया.
रात करीब 9 बजे उमेश तालाब के पास पहुंचा. वहां पोषण ने उसे सोने जैसा एक टुकड़ा दिखाकर असली सोना बताया और बदले में 20 हजार रुपए ले लिए. अगले दिन टुकड़े को धूप में देखने पर उमेश को उसके नकली होने का शक हुआ. जांच में ठगी का पता चलने पर उसने रकम वापस मांगी, लेकिन पुलिस के अनुसार आरोपी ने पैसे लौटाने से इनकार किया और धमकाकर वहां से चला गया.
शिकायत पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 729/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4) और 3(5) में मामला दर्ज किया. पूछताछ में पोषण ने मौसम महिलांगे के साथ मिलकर ठगी करने की बात स्वीकार की, जिसके बाद दोनों को 18 नवंबर को गिरफ्तार किया गया.
