कवर्धा जिले के ग्राम भेदली स्थित शासकीय पूर्व माध्यमिक स्कूल में बच्चे अब किताबों के साथ बागवानी का व्यावहारिक ज्ञान भी हासिल कर रहे हैं. विद्यार्थियों ने शिक्षकों और पालकों के सहयोग से स्कूल परिसर में किचन गार्डन तैयार किया है, जहां 20 से ज्यादा तरह की सब्जियां उगाई गई हैं. इन सब्जियों का उपयोग बच्चों के मध्याह्न भोजन में किया जा रहा है.

इस बगिया को तैयार करने में किसी बड़े बजट का इस्तेमाल नहीं किया गया. पालकों ने बीज उपलब्ध कराए, जबकि शिक्षकों और विद्यार्थियों ने क्यारियां बनाने और पौधों की देखभाल का काम किया. गांव के लोगों ने सिंचाई और बाड़ लगाने में सहयोग दिया.

बैठक के बाद शुरू हुआ बगिया तैयार करने का काम

प्रधान पाठक आसकरण सिंह धुर्वे के अनुसार, प्रधानमंत्री पूरक पोषण आहार योजना के तहत मिलने वाले भोजन में ताजी हरी सब्जियां शामिल करने के उद्देश्य से स्कूल में किचन गार्डन विकसित किया गया. 29 सितंबर को शाला प्रबंधन समिति की बैठक में इस पर निर्णय हुआ. इसके बाद 10 अक्टूबर को पालकों, विद्यार्थियों और शिक्षकों ने जगह का चयन कर बीज जुटाए और बगिया तैयार करना शुरू किया.

विद्यार्थियों की भागीदारी बढ़ाने के लिए छठवीं से आठवीं तक की कक्षाओं के लिए अलग-अलग क्यारियां बनाई गई हैं. छठवीं की बगिया का नाम ‘कबीर साहब की बगिया’, सातवीं की ‘शीतला दाई की बगिया’ और आठवीं की ‘ठाकुरदेव की बगिया’ रखा गया है.

बच्चे बीज बोने, अंकुरण की तारीख दर्ज करने, मिट्टी के अनुसार फसल चुनने, खरपतवार पहचानने और कंपोस्ट खाद का इस्तेमाल करना सीख रहे हैं. पौधों के सामने अंग्रेजी और वैज्ञानिक नाम वाली तख्तियां लगाई गई हैं, जिससे उन्हें वनस्पति विज्ञान की जानकारी भी मिल रही है.