भोपाल के गोविंदपुरा थाना क्षेत्र के अन्ना नगर स्थित एक मठ के पते से करीब 40 लोगों के नाम पर पासपोर्ट जारी होने की जानकारी सामने आई है. यह खुलासा फर्जी पासपोर्ट मामले की जांच कर रही स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) की पड़ताल में हुआ है.

एसटीएफ के अनुसार, गिरोह कथित तौर पर बांग्लादेश से भारत आए लोगों के लिए भारतीय पहचान से जुड़े दस्तावेज तैयार कराता था. इनमें आधार कार्ड, पैन कार्ड और जन्म प्रमाण पत्र शामिल बताए गए हैं. इन दस्तावेजों के आधार पर भारतीय पते और पहचान का रिकॉर्ड तैयार कर पासपोर्ट के लिए आवेदन कराया जाता था.

डबरा के पते से भी दर्जनों पासपोर्ट

जांच की शुरुआत डबरा के सिमरिया टेकरी स्थित बौद्ध विहार कॉलोनी के एक पते से हुई, जहां करीब 30 लोगों के नाम पर पासपोर्ट जारी होने की जानकारी मिली. इसके बाद जांच भोपाल के अन्ना नगर स्थित मठ तक पहुंची. एसटीएफ को भोपाल और डबरा के पतों से अब तक 70 से ज्यादा संदिग्ध पासपोर्ट जारी होने का पता चला है. ये पासपोर्ट 2021, 2022 और 2023 में जारी किए गए थे.

मामले में अब तक दो आरोपियों की गिरफ्तारी की जानकारी दी गई है. एसटीएफ के मुताबिक, रियाल चौधरी को मास्टरमाइंड बताया गया है और वह जेल में है. एसपी एसटीएफ राहुल लोढ़ा ने कहा कि आरोपियों से पूछताछ के आधार पर नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटाई जा रही है.

विदेश यात्राओं और सत्यापन की भी जांच

जांच एजेंसी के अनुसार, फर्जी भारतीय पासपोर्ट हासिल करने वाले कुछ लोगों ने खुद को बौद्ध अनुयायी बताकर थाईलैंड, मलेशिया, चीन, श्रीलंका और जापान की यात्राएं कीं. एसटीएफ यह पता लगा रही है कि इन यात्राओं के पीछे केवल फर्जी पहचान का इस्तेमाल था या कोई बड़ा अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क भी सक्रिय था.

एक ही मठ या विहार के पते से दर्जनों पासपोर्ट जारी होने के कारण स्थानीय और पुलिस सत्यापन प्रक्रिया भी जांच के दायरे में है. मामले की पड़ताल के लिए पांच सदस्यीय टीम असम भेजी गई है.