ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने मंगलवार, 27 अक्टूबर को भुवनेश्वर न्यू रेलवे स्टेशन से गुजरात के एकता नगर के लिए विशेष ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया. ट्रेन में ओडिशा के 19 नक्सल-मुक्त जिलों के करीब 1,000 प्रतिनिधि सवार हैं.
ये प्रतिनिधि 31 अक्टूबर को सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती और राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर स्टैच्यू ऑफ यूनिटी परिसर में आयोजित राष्ट्रीय परेड में ओडिशा का प्रतिनिधित्व करेंगे. राज्य सरकार के अनुसार, दल शांति, सुरक्षा और विकास का संदेश लेकर गुजरात जा रहा है.
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री माझी ने सरदार पटेल के योगदान को याद किया और कहा कि उनके नेतृत्व में 550 से अधिक रियासतों का एकीकरण हुआ था. उन्होंने कहा कि नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में सुरक्षा के साथ सामाजिक-आर्थिक विकास और बुनियादी ढांचे पर भी जोर दिया जा रहा है.
मुख्यमंत्री ने यह भी बताया कि ओडिशा के 10 प्रभावित जिलों में ‘ग्रामोदय प्लस’ पहल के जरिए कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है.
