ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने भुवनेश्वर न्यू रेलवे स्टेशन से गुजरात के एकता नगर के लिए एक विशेष ट्रेन को हरी झंडी दिखाई. ट्रेन में राज्य के 19 नक्सल-मुक्त बताए गए जिलों के करीब 1,000 प्रतिनिधि सवार हैं.
प्रतिनिधिमंडल 31 अक्टूबर को सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती के अवसर पर आयोजित राष्ट्रीय एकता दिवस कार्यक्रम में शामिल होगा. कार्यक्रम एकता नगर स्थित स्टैच्यू ऑफ यूनिटी परिसर में प्रस्तावित राष्ट्रीय परेड से जुड़ा है.
मुख्यमंत्री कार्यालय के अनुसार, इस यात्रा का उद्देश्य शांति, सुरक्षा और विकास का संदेश लेकर ओडिशा का प्रतिनिधित्व करना है. माझी ने समारोह में सरदार पटेल के देश के एकीकरण में योगदान का उल्लेख किया.
मुख्यमंत्री ने कहा कि नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में बुनियादी ढांचे के साथ सामाजिक और आर्थिक विकास को प्राथमिकता दी जा रही है. उन्होंने ‘ग्रामोदय प्लस’ पहल के तहत प्रभावित जिलों में कल्याणकारी योजनाओं को लाभार्थियों तक पहुंचाने की बात भी कही.
