रेल मंत्रालय ने गुजरात के भुज और बिहार के बराैनी के बीच नई त्रि-साप्ताहिक अमृत भारत एक्सप्रेस चलाने को मंजूरी दी है. यह ट्रेन 2,532 किलोमीटर की दूरी तय करेगी और गुजरात, राजस्थान, उत्तर प्रदेश तथा बिहार के कई प्रमुख शहरों को जोड़ेगी. सेवा शुरू होने की तारीख मंत्रालय बाद में घोषित करेगा.

ट्रेन संख्या 19427 भुज-बराैनी अमृत भारत एक्सप्रेस भुज से शाम 5:30 बजे रवाना होगी और अगले दिन सुबह 4:05 बजे बराैनी पहुंचेगी. वापसी में ट्रेन संख्या 19428 बराैनी-भुज एक्सप्रेस रात 11:55 बजे बराैनी से चलेगी और दोपहर 1:15 बजे भुज पहुंचेगी.

भुज से चलने वाली ट्रेन सोमवार, बुधवार और शनिवार को संचालित होगी. बराैनी से वापसी सेवा मंगलवार, गुरुवार और शनिवार को चलेगी. रास्ते में इसके वाणिज्यिक ठहराव समाखियाली, अहमदाबाद, रतलाम, कोटा, सवाई माधोपुर, गंगापुर सिटी, भरतपुर, मथुरा, हाथरस, बरेली, इज्जतनगर, पीलीभीत, लखीमपुर, गोंडा, गोरखपुर, सीवान, छपरा, हाजीपुर, मुजफ्फरपुर और समस्तीपुर में होंगे.

मंत्रालय के अनुसार, यह सेवा पश्चिमी और पूर्वी भारत के बीच रेल यात्रा का एक अतिरिक्त विकल्प उपलब्ध कराएगी तथा इन चार राज्यों के बीच यात्रियों की कनेक्टिविटी बेहतर करेगी.

झांसी-मथुरा तक बढ़ाई गई एक्सप्रेस

रेल मंत्रालय ने ट्रेन संख्या 11901/11902 वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी-आगरा कैंट एक्सप्रेस का विस्तार मथुरा तक करने को भी मंजूरी दी है. विस्तार के बाद ट्रेन संख्या 11901 झांसी से मथुरा जाएगी और ट्रेन संख्या 11902 मथुरा से झांसी के लिए रवाना होगी.

इस बदलाव से ट्रेन की कुल यात्रा दूरी 217 किलोमीटर से बढ़कर 270 किलोमीटर हो जाएगी. झांसी से ट्रेन शाम 4 बजे चलेगी और रात 11 बजे मथुरा पहुंचेगी. वापसी में मथुरा से सुबह 5:05 बजे रवाना होकर दोपहर 12:50 बजे वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी पहुंचेगी. विस्तारित मार्ग पर राजा की मंडी, रुनकता, दीनदयाल धाम और बाद में वाणिज्यिक ठहराव होंगे.