भारतीय रेलवे ने गुजरात के भुज और बिहार के बरौनी के बीच नई अमृत भारत एक्सप्रेस चलाने को मंजूरी दी है. यह ट्रेन सप्ताह में तीन दिन संचालित होगी और करीब 2,532 किलोमीटर की दूरी तय करेगी. सेवा शुरू होने के बाद पश्चिमी और पूर्वी भारत के बीच यात्रियों को एक अतिरिक्त रेल विकल्प मिलेगा.

भुज-बरौनी ट्रेन संख्या 19427 सोमवार, बुधवार और शनिवार को भुज से शाम 5:30 बजे रवाना होगी और अगले दिन सुबह 4:05 बजे बरौनी पहुंचेगी. वापसी में ट्रेन संख्या 19428 मंगलवार, गुरुवार और शनिवार को बरौनी से रात 11:55 बजे चलेगी और अगले दिन दोपहर 1:15 बजे भुज पहुंचेगी.

इस सेवा से गुजरात, राजस्थान, उत्तर प्रदेश और बिहार के कई महत्वपूर्ण स्टेशन जुड़ेंगे. प्रमुख ठहरावों में सामाखियाली, अहमदाबाद, रतलाम, कोटा, सवाई माधोपुर, गंगापुर सिटी, भरतपुर, मथुरा, हाथरस, बरेली, पीलीभीत, लखीमपुर, गोंडा, गोरखपुर, सीवान, छपरा, हाजीपुर, मुजफ्फरपुर और समस्तीपुर शामिल हैं.