पटना. बिहार मंत्रिमंडल ने मंगलवार, 10 नवंबर 2026 को हुई बैठक में 32 प्रस्तावों को मंजूरी दी. मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की अध्यक्षता में हुई बैठक में राज्य के सरकारी कर्मचारियों और पेंशनभोगियों के लिए महंगाई भत्ते में तीन प्रतिशत बढ़ोतरी का फैसला किया गया.
सातवें वेतनमान के तहत वेतन पाने वाले कर्मचारियों का डीए 60 प्रतिशत से बढ़कर 63 प्रतिशत हो गया है. छठे वेतनमान वालों का डीए 262 से बढ़ाकर 269 प्रतिशत और पांचवें वेतनमान वालों का 483 से बढ़ाकर 497 प्रतिशत किया गया है. बढ़ी हुई दरें 1 जुलाई 2026 से प्रभावी मानी जाएंगी. इसका लाभ पारिवारिक पेंशनभोगियों को भी मिलेगा.
बैठक में छात्राओं के लिए ‘बिहार की बेटी स्टार्टअप चैलेंज’ योजना को मंजूरी दी गई. इस योजना पर 88.20 करोड़ रुपये खर्च होंगे और अधिकतम 2,100 छात्राओं को लाभ मिल सकेगा. मुख्यमंत्री बालिका पीएचडी फेलोशिप योजना के लिए 126 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं.
सरकार ने रोहतास, मुंगेर, पटना, पूर्णिया और मधुबनी के सरकारी आईटीआई में Tata Technologies के सहयोग से CIIIT केंद्र स्थापित करने के लिए 1,174.81 करोड़ रुपये मंजूर किए. मोकामा टाल क्षेत्र में बाढ़ नियंत्रण और जल निकासी कार्य के लिए 254.57 करोड़ रुपये तथा बख्तियारपुर-ताजपुर गंगा पुल परियोजना की संशोधित लागत के तौर पर 4,572.53 करोड़ रुपये की स्वीकृति दी गई.
