बिहार में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की अध्यक्षता में मंगलवार, 10 नवंबर 2026 को मंत्रिपरिषद की बैठक होगी. बैठक शाम 5:30 बजे मुख्य सचिवालय स्थित कैबिनेट हॉल में प्रस्तावित है. इसमें विभिन्न विभागों से जुड़े प्रस्तावों पर चर्चा और संभावित मंजूरी दी जा सकती है. बैठक के बाद शाम 6:30 बजे सूचना भवन में प्रेस कॉन्फ्रेंस के जरिए फैसलों की जानकारी दिए जाने की बात सामने आई है.
इससे पहले 28 अक्टूबर को हुई कैबिनेट बैठक में 43 एजेंडों को मंजूरी मिली थी. हालांकि, 10 नवंबर की बैठक में किन प्रस्तावों पर निर्णय होगा, इसकी आधिकारिक जानकारी बैठक के बाद ही स्पष्ट होगी.
तीन दिवसीय दौरे पर पटना आएंगे नितिन नवीन
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन 10 से 12 नवंबर तक पटना में रहेंगे. दौरे के पहले दिन वह दोपहर 3 बजे दीघा के नसरीगंज घाट से गायघाट तक गंगा किनारे स्थित छठ घाटों का निरीक्षण करेंगे. इस दौरान छठ महापर्व को लेकर श्रद्धालुओं की सुविधा और प्रशासनिक तैयारियों का जायजा लिया जाएगा.
इसके बाद नितिन नवीन पूर्व राज्यसभा सांसद आरके सिन्हा को श्रद्धांजलि देने उनके पटना स्थित आवास जाएंगे. 11 और 12 नवंबर को उनके पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ संगठनात्मक बैठकों में शामिल होने का कार्यक्रम है.
