बिहार के 13 जिलों से दिल्ली के लिए नियमित अंतरराज्यीय बस सेवा शुरू कर दी गई है. सेवा के तहत बिहार और दिल्ली के बीच 18 मार्गों पर बसों का परिचालन होगा. यात्रियों के लिए एसी और नॉन-एसी सीटर व स्लीपर बसों की सुविधा उपलब्ध कराई गई है.

बिहार राज्य पथ परिवहन निगम के अनुसार, अंतरराज्यीय परिचालन के लिए 149 डीलक्स बसें खरीदी गई हैं. इनमें 75 नॉन-एसी और 74 एसी बसें शामिल हैं. इसके अलावा सार्वजनिक-निजी भागीदारी यानी PPP मॉडल के तहत 150 बसें चलाने की योजना है.

पटना से दिल्ली के लिए चार, जबकि मुजफ्फरपुर और गयाजी से दो-दो मार्ग तय किए गए हैं. अररिया, बिहारशरीफ, भागलपुर, बक्सर, दरभंगा, पूर्वी चंपारण, किशनगंज, मधुबनी, नवादा और पूर्णिया से भी दिल्ली के लिए मार्ग निर्धारित किए गए हैं.

किराया दूरी और बस की श्रेणी के अनुसार तय किया गया है. पटना-दिल्ली रूट पर नॉन-एसी सीटर का किराया ₹1,615, नॉन-एसी स्लीपर ₹1,715, एसी सीटर ₹1,980 और एसी स्लीपर ₹2,919 है. सीवान-दिल्ली मार्ग पर किराया ₹1,276 से शुरू होता है, जबकि पूर्णिया-दिल्ली रूट पर एसी स्लीपर का किराया ₹3,383 तक है.

अन्य मार्गों का किराया, समय-सारणी और ऑनलाइन टिकट बुकिंग की जानकारी BSRTC पोर्टल पर उपलब्ध कराई जाएगी. यात्री 1800-345-7251 पर भी जानकारी ले सकते हैं.