बिहार के 15 जिलों में करीब 50 लाख लोग अब भी बाढ़ के पानी से घिरे हुए हैं. मौसम विभाग ने राज्य के 26 जिलों में बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है. लगातार बारिश और बाढ़ के कारण प्रभावित इलाकों में लोगों की आवाजाही और सामान्य जनजीवन पर असर पड़ रहा है.
राजस्थान में मानसून अंतिम चरण में है. बुधवार को सीकर, श्रीगंगानगर, राजसमंद, पाली, करौली, जोधपुर और बीकानेर समेत कई इलाकों में बारिश दर्ज की गई. श्रीगंगानगर में बारिश के साथ ओले भी गिरे.
झारखंड में बुधवार को बिजली गिरने से एक महिला समेत तीन लोगों की मौत हुई. उपलब्ध जानकारी के अनुसार, दो मौतें लोहरदगा जिले में और एक मौत पलामू जिले में हुई.
उत्तराखंड के पिथौरागढ़ में आदि कैलाश यात्रा मार्ग पर बारिश के बीच लैंडस्लाइड हुआ. दोपहर करीब 12:10 बजे मलबा और बोल्डर सड़क पर आ गए, जिससे मार्ग पर वाहनों की आवाजाही बाधित हो गई.
