बिहार की राजनीति में राष्ट्रीय जनता दल (RJD) और जन सुराज के बीच संभावित तालमेल को लेकर नई चर्चा शुरू हो गई है. लालू यादव की बेटी रोहिणी आचार्य ने सोशल मीडिया पोस्ट में तेजस्वी यादव और प्रशांत किशोर के साथ आने का सुझाव दिया है.

रोहिणी आचार्य ने बिहार विधान परिषद चुनाव के आंकड़ों का हवाला देते हुए कहा कि RJD और जन सुराज के वोट जोड़ दिए जाएं तो आठ में सात निर्वाचन क्षेत्रों में यह संख्या भाजपा-एनडीए के वोटों से अधिक है. उनके अनुसार, तिरहुत स्नातक निर्वाचन क्षेत्र ऐसा एकमात्र क्षेत्र रहा, जहां भाजपा-एनडीए के वोट दोनों दलों के संयुक्त वोट से अधिक थे.

उन्होंने यह भी कहा कि भाजपा को लंबे समय से विपक्ष के बंटे होने का लाभ मिलता रहा है. उनके मुताबिक, सही रणनीति और मजबूत जमीनी आधार के साथ विपक्षी दल एकजुट हों तो भाजपा को हराना संभव है.

जन सुराज नेता किशोर कुमार मुन्ना ने भी कहा कि विधान परिषद चुनाव के आंकड़े तेजस्वी यादव और प्रशांत किशोर के साथ आने की स्थिति में भाजपा को चुनौती देने की संभावना दिखाते हैं. हालांकि उन्होंने स्पष्ट किया कि जन सुराज फिलहाल अपने दम पर आगे बढ़ रहा है. RJD नेताओं ने इस मुद्दे पर टिप्पणी नहीं की है.