बिहार में एक महिला पर उसके पति ने कैंची से हमला कर दिया. घटना 28 अक्टूबर की रात की बताई जा रही है. पुलिस ने आरोपी पति पंकज कुमार ठाकुर को गिरफ्तार कर लिया है. महिला की पहचान 26 वर्षीय राखी के रूप में हुई है और उसका निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है.

राखी के मुताबिक, उसका पति उस पर अपने बड़े भाई के साथ अवैध संबंध होने का शक करता था. उसने आरोप लगाया कि घटना वाली रात मोबाइल फोन को लेकर विवाद के बाद पंकज ने पहले गाली-गलौज की और फिर कैंची से उसकी गर्दन, चेहरे, हाथ, पीठ और शरीर के अन्य हिस्सों पर वार किए. पीड़िता का कहना है कि वह करीब 20 मिनट तक दर्द से चीखती रही और हमले के बाद बेहोश हो गई.

परिवार के लोगों के अनुसार, राखी को उसके ससुर और जेठ अस्पताल लेकर पहुंचे. अस्पताल में भर्ती होने के करीब 48 घंटे बाद उसे होश आया. राखी ने बताया कि वह अभी बैठने या करवट बदलने की स्थिति में नहीं है और परिवार के लोग उसे खाना खिला रहे हैं.

2019 में हुई थी लव मैरिज

राखी ने बताया कि उसकी शादी 2019 में भकुरा गांव के रहने वाले पंकज से हुई थी. दोनों ने प्रेम विवाह किया था और उनके दो बच्चे हैं—तीन साल का बेटा अभिराज और दो साल की बेटी परि. उसके मुताबिक, शादी के कुछ समय बाद पंकज ने उसके और अपने बड़े भाई बंकू के बीच संबंध होने का शक करना शुरू कर दिया था. राखी ने इस आरोप से इनकार किया है.

राखी का कहना है कि मारपीट और धमकियों से परेशान होकर वह 15 अक्टूबर को बच्चों के साथ अपने मायके चली गई थी. उसके अनुसार, घटना से करीब एक सप्ताह पहले पंकज उसे मनाकर वापस ले आया. उसने आरोप लगाया कि कुछ दिन बाद पंकज फिर धमकियां देने लगा.

डॉक्टर ने 179 से अधिक घाव बताए

सर्जन डॉ. विकास सिंह के मुताबिक, महिला के शरीर पर 179 से अधिक जगहों पर कैंची के घाव थे. डॉक्टरों ने करीब तीन घंटे तक ऑपरेशन कर चोटों का इलाज किया और उसे 72 घंटे निगरानी में रखा गया.

पीड़िता के पिता मनोज ठाकुर ने आरोप लगाया कि शादी के बाद भी पंकज का व्यवहार हिंसक रहा था और पहले भी राखी के साथ मारपीट हुई थी. इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि उपलब्ध नहीं है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.