बीजापुर जिले के भैरमगढ़ थाना क्षेत्र में इंद्रावती नदी के पास जंगल से सुरक्षा बलों ने जमीन के अंदर छिपाकर रखा गया एक संदिग्ध माओवादी डम्प बरामद किया है. पुलिस के अनुसार, डिब्बे से 3.84 किलोग्राम सोना और 24 लाख 22 हजार 500 रुपये नकद मिले हैं. बरामद संपत्ति की कुल अनुमानित कीमत करीब 4 करोड़ 53 लाख 22 हजार 500 रुपये बताई गई है.

पुलिस के मुताबिक, 27 नवंबर को सूचना मिली थी कि इंद्रावती नदी के आसपास जंगल में जमीन के नीचे डम्प छिपाया गया है. इसके बाद बीजापुर पुलिस अधीक्षक उमेश प्रसाद गुप्ता के मार्गदर्शन में तलाशी अभियान की योजना बनाई गई. अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ऑप्स) रविन्द्र कुमार मीणा के नेतृत्व में डीआरजी, भैरमगढ़ थाना और बीडीएस की संयुक्त टीम को मौके पर भेजा गया.

भैरमगढ़ थाने से करीब 8 से 10 किलोमीटर दूर चिन्हित स्थान पर बीडीएस टीम ने पहले डिमाइनिंग की कार्रवाई की. तलाशी के दौरान जमीन में दबा स्टील का डिब्बा मिला. पुलिस के अनुसार, डिब्बे में 10-10 तोले के 33 सोने के बिस्किट थे. इनका कुल वजन 330 तोला यानी करीब 3.84 किलोग्राम और अनुमानित कीमत 4 करोड़ 29 लाख रुपये बताई गई है.

डिब्बे से टेप में लिपटा एक पैकेट भी मिला, जिसमें 500 रुपये के नोटों के रूप में 24 लाख 22 हजार 500 रुपये रखे थे. बरामद सोने और नकदी को भैरमगढ़ थाने में आगे की कानूनी प्रक्रिया के लिए रखा गया है.

पुलिस ने अभी यह स्पष्ट नहीं किया है कि डम्प की संपत्ति किस माओवादी संगठन या व्यक्ति की थी. पुलिस के अनुसार, बीजापुर जिले में अलग-अलग अभियानों के दौरान अब तक 12.34 किलोग्राम सोना और 8 करोड़ 24 लाख 33 हजार 300 रुपये नकद बरामद किए जा चुके हैं.