बिजनौर के चांदपुर बाजार में ज्वेलरी की दुकान से आठ लाख रुपये से अधिक कीमत के जेवर चोरी करने के आरोप में पुलिस ने दो महिलाओं को गाजियाबाद से गिरफ्तार किया है. पुलिस के मुताबिक, वारदात 12 सितंबर को दिनदहाड़े हुई थी. आरोपियों के पास से सोने के तीन जोड़ी कुंडल, चांदी के चार जोड़ी बिछुए और दो कारें बरामद की गई हैं.

पुलिस के अनुसार, पांच महिलाएं और एक युवक ग्राहक बनकर दुकान पर पहुंचे थे. उन्होंने दुकानदार से अलग-अलग जेवर दिखाने को कहा और बातचीत में उलझाए रखा. इसी दौरान कुछ महिलाओं ने जेवर अपने मुंह में छिपा लिए. दुकान में लगे CCTV कैमरों में यह पूरी गतिविधि रिकॉर्ड हो गई.

दुकानदार की शिकायत पर मामला दर्ज होने के बाद पुलिस ने चांदपुर बाजार से लेकर गाजियाबाद तक सैकड़ों CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली. जांच में आरोपियों की आवाजाही दो कारों से सामने आई. इन वाहनों की फुटेज जोया टोल के कैमरों में भी मिली, जिसके आधार पर पुलिस गाजियाबाद तक पहुंची.

दो गिरफ्तार, अन्य आरोपियों की तलाश

पुलिस ने जाहिदा उर्फ छोटा और आशिया को गाजियाबाद से गिरफ्तार किया. दोनों को गाजियाबाद के विजयनगर क्षेत्र का रहने वाला बताया गया है. पुलिस का कहना है कि गिरोह में अन्य लोग भी शामिल हैं और कुछ आरोपी अभी फरार हैं. उनकी तलाश की जा रही है.

पूछताछ में जाहिदा ने पुलिस को कथित तौर पर बताया कि अमरोहा में रिश्तेदारी की शादी में भात देने के लिए जेवर की जरूरत थी. पुलिस के अनुसार, गिरोह पहले धामपुर में भी इसी तरह की वारदात कर चुका है और अलग-अलग जिलों में ज्वेलरी दुकानों को निशाना बनाता था. दूसरे राज्यों में संभावित घटनाओं की भी जांच की जा रही है.

पुलिस फरार आरोपियों के आपराधिक रिकॉर्ड और बरामदगी से जुड़े अन्य पहलुओं की पड़ताल कर रही है.