हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर स्थित ‘अपना घर’ वृद्धाश्रम में 75 वर्षीय कन्हैया लाल और 63 वर्षीय सबीना ने विवाह किया. दोनों अलग-अलग परिस्थितियों में इस वृद्धाश्रम तक पहुंचे थे. संस्था के अनुसार, साथ रहते हुए दोनों एक-दूसरे की देखभाल करने लगे और बाद में उन्होंने शादी की इच्छा जताई. इसके बाद प्रबंधन ने उनकी सहमति से विवाह की तैयारी की.
कन्हैया लाल मूल रूप से मंडी के रहने वाले हैं. संस्था के अध्यक्ष प्रकाश बंसल के मुताबिक, उनकी पत्नी की 2021 में मौत के बाद वे गहरे सदमे में चले गए थे. उन्होंने घर छोड़ दिया और करीब सात महीने जंगल की एक गुफा में रहे. वर्ष 2022 में मानव सेवा ट्रस्ट की टीम ने उन्हें वहां से रेस्क्यू किया. अस्पताल में उपचार के बाद उन्हें बिलासपुर के ‘अपना घर’ वृद्धाश्रम लाया गया, जहां उनकी देखभाल और उपचार हुआ.
सबीना पश्चिम बंगाल की रहने वाली हैं. पति की मौत के बाद उनकी मानसिक स्थिति बिगड़ गई थी और करीब चार साल पहले वे ट्रेन से शिमला पहुंची थीं. वहां पुलिस ने उन्हें रेस्क्यू कर मशोबरा स्थित नारी निकेतन पहुंचाया. संस्था के अनुसार, उन्होंने वहां करीब तीन साल बिताए और वर्ष 2025 में उन्हें बिलासपुर के ‘अपना घर’ वृद्धाश्रम में शिफ्ट किया गया.
वृद्धाश्रम में दोनों की मुलाकात हुई. संस्था के मुताबिक, करीब तीन महीने पहले उनके बीच नजदीकी बढ़ने लगी. वे सामूहिक गतिविधियों में साथ रहते, साथ खाना खाते और एक-दूसरे की परवाह करते थे. शुरुआत में दोनों अपनी भावनाएं साझा करने में झिझके, लेकिन बाद में उन्होंने विवाह की इच्छा प्रबंधन को बताई.
विवाह समारोह में कन्हैया ने पगड़ी और शेरवानी पहनी, जबकि सबीना को दुल्हन की तरह सजाया गया. शहनाई और ढोल-नगाड़ों के बीच दोनों ने वरमाला पहनाई और विवाह की रस्में पूरी कीं. वृद्धाश्रम के निवासी बाराती बने. बिलासपुर की DC किरण भड़ाना भी समारोह में शामिल हुईं और नवदंपती को शुभकामनाएं दीं.
संस्था के अनुसार, शादी के बाद दोनों को नालागढ़ स्थित नए वृद्धाश्रम में शिफ्ट किया गया है. वहां उनके साथ रहने की व्यवस्था की गई है. समारोह में 60 से अधिक लोग शामिल हुए और बुजुर्गों ने नवदंपती को शगुन व उपहार देकर आशीर्वाद दिया.
