पश्चिम बंगाल के बीरभूम जिले में पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स (STF) ने छापेमारी के दौरान बड़ी मात्रा में विस्फोटक सामग्री बरामद की है. कार्रवाई में 1,150 जिलेटिन स्टिक, 989 डिटोनेटर और 12,000 मीटर डिटोनेटिंग कॉर्ड जब्त किए गए. इस मामले में दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है.
STF ने गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राजग्राम निवासी मोहम्मद रेजा शेख उर्फ गुड्डा और सूरी के तिलपाड़ा निवासी मुकेश सिंह के रूप में की है. पुलिस और STF दोनों आरोपियों को रिमांड पर लेकर पूछताछ कर रही हैं. जांच का प्रमुख फोकस विस्फोटकों के स्रोत, सप्लायर और उनकी संभावित डिलीवरी से जुड़ी जानकारी हासिल करना है.
पांडबेश्वर में हथियारों की अलग बरामदगी
एक अलग कार्रवाई में STF ने पांडबेश्वर क्षेत्र से 21 अवैध हथियार और 65 राउंड कारतूस जब्त किए. बरामद हथियारों में छह लंबी मस्केट बंदूकें, चार 7 एमएम पिस्तौल और 11 पाइप गन शामिल हैं. कारतूसों में 47 आठ एमएम और 18 7.65 एमएम राउंड बताए गए हैं.
पुलिस के अनुसार, यह बरामदगी उस मामले की जांच का हिस्सा है जिसमें अब तक कुल 38 हथियार और 122 राउंड कारतूस जब्त किए जा चुके हैं. मामले में आगे की जांच जारी है.
पुलिस के मुताबिक, आरोपियों का नाम अवैध कोयला कारोबार से भी जुड़ा रहा है और उनके आपराधिक गतिविधियों में शामिल होने की जांच की जा रही है. विस्फोटकों की मात्रा को देखते हुए एंटी टेररिस्ट स्क्वॉड (ATS) भी जांच में शामिल हो गई है. एजेंसियां यह पता लगाने की कोशिश कर रही हैं कि बरामद सामग्री का किसी बड़े आपराधिक या आतंकी मॉड्यूल से संबंध है या नहीं.
