बिरगांव नगर निगम में संपत्तिकर और यूजर चार्ज बढ़ाने के प्रस्ताव को लेकर विवाद शुरू हो गया है. वित्तीय वर्ष 2026-27 से शुल्क बढ़ाने का प्रस्ताव 27 नवंबर को होने वाली सामान्य सभा में चर्चा के लिए रखा जाएगा. पार्षदों और शहरवासियों का एक वर्ग पहले बुनियादी सुविधाएं सुधारने की मांग कर रहा है.
उरकुरा, उरला और रावांभाठा के कई वार्डों में नालियां नहीं बनने, सड़कों और सार्वजनिक स्थानों पर गंदगी-कीचड़ रहने तथा स्ट्रीट लाइट बंद होने की शिकायतें सामने आई हैं. सफाई, पानी और सड़क मरम्मत की स्थिति को लेकर भी नाराजगी बताई गई है.
सामान्य सभा के एजेंडे में कुल चार प्रस्तावों पर चर्चा होनी है. इनमें संपत्तिकर और यूजर चार्ज बढ़ाने के अलावा बंजारी मंदिर चौक से बस स्टैंड होते हुए स्वास्थ्य केंद्र रावांभाठा तक सड़क चौड़ीकरण के लिए 5.30 करोड़ रुपये और मल्टी स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स के लिए 4.92 करोड़ रुपये के टेंडर की न्यूनतम दरों को मंजूरी देने का प्रस्ताव शामिल है.
इन दोनों परियोजनाओं को राज्य शासन ने नगरोत्थान योजना के तहत मंजूरी दी है और इनके टेंडर हो चुके हैं. अब दरों की स्वीकृति बाकी है. दिसंबर में वर्तमान परिषद का कार्यकाल समाप्त होने और निकाय चुनाव की आचार संहिता लागू होने की संभावना के बीच जल्द वर्कऑर्डर जारी करने की तैयारी है.
नेता प्रतिपक्ष ओमप्रकाश साहू और पार्षद टिकेंद्र सिन्हा ने सुविधाएं सुधारे बिना कर बढ़ाने का विरोध किया है. उनका कहना है कि इससे शहरवासियों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ेगा.
महापौर नंदलाल देवांगन ने कहा कि बड़े वार्डों में अभी एक वार्ड पर चार सफाईकर्मी हैं, जिससे सफाई व्यवस्था प्रभावित होती है. उन्होंने स्पष्ट किया कि कर बढ़ोतरी पर अभी कोई निर्णय नहीं हुआ है और सामान्य सभा में पार्षदों की राय के आधार पर फैसला लिया जाएगा.
