प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रविवार को भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम को वर्चुअली संबोधित करेंगे. कार्यक्रम के दौरान करीब 3 हजार करोड़ रुपए की विकास योजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया जाएगा.
प्रधानमंत्री मिजोरम में ट्राइबल फ्रीडम फाइटर म्यूजियम का उद्घाटन भी करेंगे. यह कार्यक्रम जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर आयोजित किया जा रहा है. केंद्र सरकार ने 2021 में बिरसा मुंडा जयंती को जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाने की घोषणा की थी.
प्रधानमंत्री मोदी 2023 में बिरसा मुंडा की जन्मस्थली उलिहातू गए थे. उलिहातू झारखंड के खूंटी जिले में स्थित है. उपलब्ध जानकारी के अनुसार, वे वहां जाने वाले देश के पहले प्रधानमंत्री हैं.
2024 में प्रधानमंत्री बिहार के जमुई में आयोजित जनजातीय गौरव दिवस कार्यक्रम में भी शामिल हुए थे. उस अवसर पर बिरसा मुंडा के नाम पर 150 रुपए का सिक्का और 5 रुपए का स्मारक डाक टिकट जारी किया गया था.
