पश्चिम बंगाल के जलपाईगुड़ी स्थित बिसलेरी प्लांट से लिए गए पैकेज्ड ड्रिंकिंग वॉटर के सैंपल में कोलीफॉर्म बैक्टीरिया मिलने के बाद भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI) ने कंपनी के खिलाफ केस चलाने की मंजूरी दी है. यह जानकारी PTI ने सूत्रों के हवाले से दी है.

FSSAI के अनुसार, सैंपल की जांच प्राथमिक और रेफरल—दोनों लैब में हुई और दोनों जगह बैक्टीरिया की पुष्टि हुई. कोलीफॉर्म बैक्टीरिया सीवेज के पानी या गंदे पाइपों के जरिए पीने के पानी में पहुंच सकता है.

केवल एक बैच पर कार्रवाई

FSSAI ने जलपाईगुड़ी प्लांट से बिसलेरी के बैच नंबर PB 201 का सैंपल लिया था. यह बैच 20 जुलाई 2026 को तैयार किया गया था और इसकी एक्सपायरी 19 जनवरी 2027 थी. दोनों लैब की रिपोर्ट के बाद 12 अगस्त 2026 को इस बैच की बिक्री पर रोक लगा दी गई. उपलब्ध जानकारी के अनुसार, कार्रवाई फिलहाल बिसलेरी के इसी एक बैच तक सीमित है.

इससे पहले गोवा में बिसलेरी के पानी के सैंपल में ब्रोमेट और पॉलीन्यूक्लियर एरोमैटिक हाइड्रोकार्बन (PAH) मिलने की बात सामने आई थी. उस मामले में भी कंपनी के खिलाफ केस चलाने की मंजूरी दी गई थी.

देशभर में पैकेज्ड वॉटर की जांच

FSSAI के CEO राजित पुनहानी ने बताया कि देशभर में पैकेज्ड ड्रिंकिंग वॉटर और मिनरल वॉटर के सैंपल लिए जा रहे हैं. इनकी जांच अगले एक से दो महीने में पूरी होने की उम्मीद है. उन्होंने कहा कि कार्रवाई का उद्देश्य कंपनियों से नियमों का पालन कराना है, लोगों में डर पैदा करना नहीं.

FSSAI ने सभी राज्यों के खाद्य सुरक्षा अधिकारियों को जांच बढ़ाने और नियमों का उल्लंघन करने वाली कंपनियों पर कार्रवाई के निर्देश दिए हैं.

बिसलेरी ने अपने पानी को पीने के लिए सुरक्षित बताया है और कहा है कि वह FSSAI की जांच में पूरा सहयोग करेगी. कंपनी के मुताबिक, पानी तैयार करने की प्रक्रिया में 10 चरणों में 90 से अधिक बार गुणवत्ता की जांच की जाती है.