पैकेज्ड ड्रिंकिंग वॉटर कंपनी बिसलेरी इंटरनेशनल ने भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI) की कार्रवाई पर सफाई दी है. कंपनी का कहना है कि विवाद सितंबर 2025 में गोवा प्लांट में तैयार किए गए एक बैच से जुड़ा है और उसका पानी पीने के लिए सुरक्षित है.
बिसलेरी के मुताबिक, 30 सितंबर 2025 को FSSAI ने गोवा इकाई से छह सैंपल लिए थे. कंपनी ने कहा कि इनमें से पांच सैंपल सभी निर्धारित मानकों पर खरे उतरे, जबकि छठे सैंपल में ब्रोमेट का स्तर 10 माइक्रोग्राम प्रति लीटर की सीमा के मुकाबले 12 माइक्रोग्राम प्रति लीटर दर्ज किया गया.
कंपनी के अनुसार, 22 नवंबर 2025 को की गई अपील के बाद सैंपल को दोबारा जांच के लिए रेफरल लैब भेजा गया. बिसलेरी का दावा है कि रेफरल लैब में ब्रोमेट का स्तर निर्धारित सीमा के भीतर मिला, हालांकि रिपोर्ट में पॉलीन्यूक्लियर एरोमैटिक हाइड्रोकार्बन (PAHs) का भी उल्लेख किया गया. दोनों नतीजों में अंतर के बाद कंपनी ने FSSAI से मान्यता प्राप्त एक लैब में स्वतंत्र जांच कराई. कंपनी के मुताबिक, इस जांच में ब्रोमेट सीमा के भीतर पाया गया.
बिसलेरी ने कहा कि उसने स्वतंत्र जांच रिपोर्ट 2 फरवरी 2026 को FSSAI के पश्चिमी क्षेत्रीय कार्यालय को सौंप दी थी. कंपनी का दावा है कि इसके बाद उसे ईमेल या हार्ड कॉपी में कोई नोटिस नहीं मिला और प्राधिकरण की वेबसाइट पर भी संबंधित नोटिस दिखाई नहीं दिया.
दूसरी ओर, FSSAI के अनुसार नियामकीय सैंपल में पैकेज्ड ड्रिंकिंग वॉटर के लिए निर्धारित ब्रोमेट सीमा का पालन नहीं हुआ. प्राधिकरण ने बताया कि अपील के बाद रेफरल फूड लैब में PAHs पाए जाने के आधार पर सैंपल को असुरक्षित माना गया और बिसलेरी इंटरनेशनल प्राइवेट लिमिटेड के खिलाफ मुकदमा चलाने की मंजूरी दी गई.
बिसलेरी ने कहा कि वह 10-स्टेप निर्माण प्रक्रिया और 90 से अधिक गुणवत्ता परीक्षणों के जरिए सुरक्षा मानकों का पालन करती है और नियामकीय प्रक्रिया के तहत FSSAI के साथ सहयोग जारी रखेगी.
