भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI) ने बिसलेरी इंटरनेशनल प्राइवेट लिमिटेड के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत अभियोजन की मंजूरी दी है. यह कार्रवाई कंपनी के परिसर से लिए गए पैकेज्ड ड्रिंकिंग वाटर के एक नियामकीय नमूने की जांच के बाद की गई.

FSSAI के अनुसार, शुरुआती जांच में पानी के नमूने में ब्रोमेट की मात्रा निर्धारित सीमा के अनुरूप नहीं मिली. इसके आधार पर नमूने को असुरक्षित घोषित किया गया. कंपनी ने इस निष्कर्ष के खिलाफ अपील की, जिसके बाद नमूना रेफरल फूड लैबोरेटरी भेजा गया.

दूसरी जांच में भी नमूना असुरक्षित पाया गया. FSSAI ने बताया कि रेफरल लैबोरेटरी की जांच में पॉलीन्यूक्लियर एरोमैटिक हाइड्रोकार्बन यानी PAHs की मौजूदगी सामने आई. ब्रोमेट और PAHs को कैंसर से जुड़े रसायनों के रूप में वर्गीकृत किया जाता है.

नियामक के मुताबिक, दोनों प्रयोगशाला निष्कर्षों के आधार पर खाद्य सुरक्षा कानून के तहत उल्लंघन का मामला बनता है और इसी कारण अभियोजन की मंजूरी दी गई है. हालांकि, अभियोजन की मंजूरी अदालत द्वारा कंपनी को दोषी ठहराया जाना नहीं है; आगे की कानूनी प्रक्रिया में आरोपों का परीक्षण होगा.