भाजपा ने भारतीय क्रिकेटर युजवेंद्र चहल को पार्टी के राष्ट्रीय OBC मोर्चा की कार्यकारिणी में विशेष आमंत्रित सदस्य नियुक्त किया है. पार्टी के केंद्रीय कार्यालय की ओर से जारी संगठनात्मक सूची के अनुसार, नियुक्तियां तत्काल प्रभाव से लागू होंगी.
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने 21 नवंबर को OBC मोर्चा के राष्ट्रीय पदाधिकारियों, राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्यों और विभिन्न विभागों के प्रमुखों की घोषणा की. सूची में सात राष्ट्रीय उपाध्यक्ष, तीन राष्ट्रीय महामंत्री और सात राष्ट्रीय सचिव शामिल हैं.
राष्ट्रीय उपाध्यक्षों में असम के जोगेन मोहन, ओडिशा की ममता मोहंता, उत्तर प्रदेश के संगम लाल गुप्ता और संगीता बलवंत बिंद, महाराष्ट्र के बाबनराव रावजी चौधरी, दिल्ली के सत प्रकाश राणा और बिहार के अर्जुन साहनी शामिल हैं.
दिल्ली के गजेंद्र यादव, कर्नाटक के प्रमोद माधवराज और छत्तीसगढ़ के ललित चंद्राकर को राष्ट्रीय महामंत्री बनाया गया है. राष्ट्रीय सचिवों में गुजरात के दशरथजी ठाकोर, तमिलनाडु के टी. वरथराजन, झारखंड के संजीव कुमार उर्फ बबलू भगत, हरियाणा की सरिता जांगिड़, तेलंगाना के कडगांची रमेश, मध्य प्रदेश के वैभव पंवार और बिहार के भीम कुमार साहू शामिल हैं.
उत्तर प्रदेश के राधेश्याम यादव को राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष की जिम्मेदारी दी गई है. दिल्ली के संजय कुमार गुर्जर और डॉ. अरुण यादव को क्रमशः राष्ट्रीय कार्यालय सचिव और सह-कार्यालय सचिव नियुक्त किया गया है. बिहार के अजय गुप्ता मीडिया समन्वयक होंगे.
डिजिटल संचार की जिम्मेदारी दिल्ली के परीक्षित डागर को सोशल मीडिया समन्वयक और मध्य प्रदेश के प्रदीप महौर सोनी को सह-समन्वयक के रूप में दी गई है. नीति एवं शोध प्रकोष्ठ का नेतृत्व दिल्ली के प्रो. पंकज चौधरी करेंगे. सूची में अंडमान-निकोबार, आंध्र प्रदेश, बिहार और चंडीगढ़ से राष्ट्रीय कार्यकारिणी के शुरुआती सदस्य भी शामिल हैं.
