भाजपा ने बुधवार को 36 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के नए प्रभारियों तथा 24 राज्यों के सह-प्रभारियों की सूची जारी की. संजय भाटिया को राजस्थान और त्रिपुरा के पूर्व मुख्यमंत्री बिप्लब कुमार देव को मध्य प्रदेश का प्रभारी बनाया गया है. राजस्थान में इससे पहले डॉ. राधा मोहन दास अग्रवाल और मध्य प्रदेश में डॉ. महेंद्र सिंह यह जिम्मेदारी संभाल रहे थे.

स्मृति ईरानी को छत्तीसगढ़ और हरियाणा, राम माधव को तमिलनाडु और उत्तराखंड, हरीश द्विवेदी को बिहार और कर्नाटक, सतीश पूनिया को जम्मू-कश्मीर और पंजाब तथा सुनील बंसल को तेलंगाना और पश्चिम बंगाल का प्रभारी बनाया गया है. इस तरह पांच नेताओं को दो-दो राज्यों की जिम्मेदारी मिली है. महाराष्ट्र में बैजयंत जय पांडा और अमित मालवीय को प्रभारी नियुक्त किया गया है.

उत्तर प्रदेश, पंजाब और गुजरात में पुराने प्रभारी बरकरार

उत्तर प्रदेश में विनोद तावड़े प्रभारी बने रहेंगे. उनके साथ चार सह-प्रभारी नियुक्त किए गए हैं. पंजाब में सतीश पूनिया और गुजरात में तरुण चुघ की जिम्मेदारी बरकरार रखी गई है. इन तीनों राज्यों के प्रभारियों की नियुक्ति 18 अगस्त को की गई थी. उस समय भाजपा ने कहा था कि बाकी राज्यों के प्रभारी और सह-प्रभारी बाद में घोषित किए जाएंगे.

बिहार में अब हरीश द्विवेदी को प्रभारी बनाया गया है. वह उत्तर प्रदेश की बस्ती लोकसभा सीट से दो बार सांसद रह चुके हैं. विनोद तावड़े करीब चार साल तक बिहार के प्रभारी रहे थे.

12 राज्यों-केंद्र शासित प्रदेशों में सह-प्रभारी नहीं

भाजपा ने अंडमान-निकोबार, अरुणाचल प्रदेश, चंडीगढ़, दादरा नगर हवेली एवं दमन-दीव, लद्दाख, लक्षद्वीप, मणिपुर, मिजोरम, नगालैंड, पुडुचेरी, सिक्किम और त्रिपुरा में सह-प्रभारी नियुक्त नहीं किए हैं. अनिल एंटनी को नगालैंड का प्रभारी और गोवा का सह-प्रभारी बनाया गया है. असम, बिहार, दिल्ली, राजस्थान और तमिलनाडु में दो-दो सह-प्रभारी नियुक्त किए गए हैं.