भारतीय जनता पार्टी ने पुराना किला में आयोजित एससीओ सिविलाइजेशनल डायलॉग फोरम के दौरान पाकिस्तान के मंत्री मुसादिक मलिक के ताली बजाने का वीडियो साझा कर पाकिस्तान पर निशाना साधा है. भाजपा ने इस दृश्य को भारतीय सभ्यता, कश्मीर की संस्कृति और महाभारत से जुड़ी सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के दौरान का बताया.

भाजपा के राष्ट्रीय अकाउंट से साझा किए गए वीडियो में मलिक और अन्य प्रतिनिधियों को सांस्कृतिक कार्यक्रम के दौरान तालियां बजाते दिखाया गया है. वीडियो में पाकिस्तान के नेताओं के कश्मीर, भारत के जल संसाधनों और हिंदुओं से संबंधित कथित बयानों की क्लिप भी जोड़ी गई हैं.

पार्टी ने इस वीडियो के जरिए पाकिस्तान के आधिकारिक बयानों और उसके मंत्री की भारत में आयोजित सांस्कृतिक प्रस्तुति के दौरान मौजूदगी के बीच विरोधाभास दिखाने की कोशिश की. पोस्ट में भाजपा ने कहा कि जो लोग कश्मीर पर दावा करते हैं, भारत को तोड़ने की धमकी देते हैं और हिंदुओं का अपमान करते हैं, वे पुराना किला में भारत की सभ्यता, कश्मीर की संस्कृति और महाभारत की प्रस्तुति पर तालियां बजा रहे थे.

वीडियो में ‘धुरंधर’ फिल्म के ‘अरी अरी’ गीत को पृष्ठभूमि संगीत के रूप में इस्तेमाल किया गया. इसमें कुछ राजनीतिक टिप्पणियों को कैप्शन के रूप में दिखाकर भाजपा ने अपना संदेश रखा.

भारत की मेजबानी में तीन दिवसीय एससीओ सिविलाइजेशनल डायलॉग फोरम पुराना किला में आयोजित किया जा रहा है. पाकिस्तान के जलवायु परिवर्तन और पर्यावरण समन्वय मंत्री मुसादिक मलिक भी इसमें शामिल प्रतिनिधियों में हैं.

फोरम में अपने संबोधन के दौरान मलिक ने मुगल सम्राट हुमायूं और शेरशाह सूरी का उल्लेख किया. दोनों का संबंध पुराना किला के निर्माण और उसके इतिहास से जोड़ा जाता है. मलिक ने इस ऐतिहासिक परिसर को इतिहास की कई परतों का प्रतिबिंब बताया.