बुखारेस्ट: ब्लैक सी में हमले का शिकार हुए वाणिज्यिक जहाज MV Royad Mammadov से बचाए गए तीन भारतीय नागरिक रोमानिया से भारत के लिए रवाना हो गए हैं. बुखारेस्ट स्थित भारतीय दूतावास ने 10 अक्टूबर को उनकी स्वदेश वापसी की जानकारी दी.

दूतावास के अनुसार, साहिल संधू, अश्विनी कुमार और हरमन सिंह जहाज के चालक दल का हिस्सा थे. हमले में तीनों घायल हुए थे, लेकिन उनकी स्थिति स्थिर बताई गई थी. दूतावास ने उनकी सुरक्षित और जल्द वापसी के लिए जरूरी सहायता उपलब्ध कराई.

इस घटना के बाद दो विदेशी नाविकों की मौत हुई थी, जबकि चालक दल के कई सदस्य घायल हुए. रोमानियाई अधिकारियों और बचाव दल ने घायलों को निकालकर कॉन्स्टांटा पहुंचाया था. तीनों भारतीयों में से दो को होटल में ठहराया गया था, जबकि एक का कॉन्स्टांटा काउंटी अस्पताल में इलाज चल रहा था.

भारतीय दूतावास ने रोमानियाई प्रशासन, कॉन्स्टांटा काउंटी अस्पताल और बचाव दल के सहयोग के लिए आभार जताया. विदेश मंत्रालय ने वाणिज्यिक जहाजों और नाविकों पर हो रहे हमलों पर चिंता जताते हुए संघर्षों के समाधान के लिए संवाद और कूटनीति की आवश्यकता दोहराई.