बॉम्बे हाईकोर्ट ने बृहन्मुंबई महानगरपालिका (BMC) को अभिनेत्री दीया मिर्जा का दिवाली जागरूकता वीडियो दोबारा अपलोड करने का निर्देश दिया है. वीडियो में लोगों से ग्रीन पटाखे जलाने और सार्वजनिक सड़कों, गलियों व फुटपाथों पर आतिशबाजी नहीं करने की अपील की गई थी.

यह वीडियो BMC के आधिकारिक X हैंडल और अन्य सोशल मीडिया अकाउंट पर रविवार को पोस्ट किया गया था, लेकिन उसी रात हटा दिया गया. उपलब्ध जानकारी के अनुसार, भाजपा नेताओं की आपत्ति के बाद वीडियो हटाया गया था.

अदालत ने धार्मिक रंग देने पर जताई नाराजगी

जस्टिस गिरीश कुलकर्णी और जस्टिस नीला गोखले की पीठ ने नेताओं की टिप्पणियों पर नाराजगी जताई. अदालत ने कहा कि भारत एक धर्मनिरपेक्ष देश है और पर्यावरण से जुड़े मुद्दे को किसी दूसरे रंग में नहीं देखा जाना चाहिए. पीठ ने यह भी कहा कि स्वास्थ्य, प्रदूषण और पर्यावरण के मामलों में गुटबाजी की कोई जगह नहीं होनी चाहिए.

जस्टिस कुलकर्णी ने कहा कि नेताओं ने अदालत के पहले के उस आदेश पर ध्यान नहीं दिया, जिसमें सभी लोगों को जागरूकता अभियान में शामिल होने की अनुमति दी गई थी. पीठ के अनुसार, दीया मिर्जा ने वायु प्रदूषण को लेकर अदालत के निर्देशों के अनुरूप संदेश दिया था. अदालत ने सुप्रीम कोर्ट की उस टिप्पणी का भी उल्लेख किया, जिसमें कहा गया था कि दिवाली जाति और धर्म से परे सभी लोग मनाते हैं.

BMC के अन्य सेलिब्रिटी वीडियो ऑनलाइन

हाईकोर्ट ने BMC से वीडियो दोबारा अपलोड करने और लोगों का भरोसा बहाल करने को कहा. पीठ ने कहा कि कुछ लोगों की आपत्तियों के आधार पर जल्दबाजी में प्रतिक्रिया नहीं दी जानी चाहिए.

मुंबई में वायु प्रदूषण को देखते हुए BMC ने हाईकोर्ट के दिशा-निर्देशों के तहत सार्वजनिक सड़कों, गलियों और फुटपाथों पर पटाखे फोड़ने पर रोक लगाई है. नागरिकों को पर्यावरण-अनुकूल दिवाली, कम शोर और कम वायु प्रदूषण के बारे में जागरूक करने के लिए कई सेलिब्रिटी के वीडियो बनाए गए थे.

BMC के सोशल मीडिया अकाउंट पर अभिनेत्री माधुरी दीक्षित, निशिगंधा वाड और क्रिकेटर अजिंक्य रहाणे के वीडियो बने रहे, जबकि दीया मिर्जा का वीडियो हटाया गया था. वीडियो हटने के बाद दीया मिर्जा ने सोशल मीडिया पर लिखा था कि उन्होंने इसके लिए कोई पैसा नहीं लिया.