पूर्व मुख्य न्यायाधीश बीआर गवई ने सुप्रीम कोर्ट कॉलेजियम की उस सिफारिश पर सवाल उठाए हैं, जिसमें त्रिपुरा हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश एमएस रामचंद्र राव को कर्नाटक हाईकोर्ट का मुख्य न्यायाधीश बनाने की बात कही गई है. गवई ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को लिखे पत्र में इस फैसले से जुड़े कई सवाल उठाए.

पत्र में, जस्टिस राव का नाम लिए बिना, गवई ने पूछा कि जिस न्यायाधीश का पहले कई बार तबादला कथित तौर पर दंडात्मक आधार पर किया गया, उन्हें अब बड़े और अधिक महत्वपूर्ण हाईकोर्ट का मुख्य न्यायाधीश बनाने की सिफारिश क्यों की गई है. उन्होंने यह भी सवाल उठाया कि क्या यह निर्णय उनकी जाति या किसी विशेष समुदाय से जुड़े होने के कारण लिया गया.

उपलब्ध जानकारी के अनुसार, जस्टिस राव 2012 में आंध्र प्रदेश हाईकोर्ट के न्यायाधीश बने थे. 2019 में राज्यों के पुनर्गठन के बाद उन्होंने तेलंगाना हाईकोर्ट का विकल्प चुना. इसके बाद उनका तबादला पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट और फिर हिमाचल प्रदेश हाईकोर्ट में हुआ. बाद में उन्हें झारखंड और त्रिपुरा हाईकोर्ट भेजा गया.

गवई ने कर्नाटक हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश विभु बाखरू के झारखंड हाईकोर्ट तबादले पर भी आपत्ति जताई. उन्होंने कहा कि एक “मेहनती और योग्य” मुख्य न्यायाधीश को छोटे हाईकोर्ट में भेजकर उनकी जगह जस्टिस राव को लाने से न्यायपालिका में मेहनती न्यायाधीशों का मनोबल गिर सकता है.

उन्होंने चेतावनी दी कि ऐसे फैसलों का असर समाज के वंचित वर्गों से आने वाले न्यायाधीशों समेत सभी पर पड़ सकता है. केंद्र सरकार ने इन सिफारिशों पर अभी कार्रवाई नहीं की है. प्रस्तावों में हिमाचल प्रदेश हाईकोर्ट के जस्टिस विवेक सिंह ठाकुर को त्रिपुरा हाईकोर्ट का मुख्य न्यायाधीश बनाने की सिफारिश भी शामिल है.