ब्रिक्स नेताओं ने वैश्विक ऊर्जा आपूर्ति में व्यवधानों के बीच विभिन्न स्रोतों से ऊर्जा का निर्बाध प्रवाह बनाए रखने और महत्वपूर्ण ऊर्जा बुनियादी ढांचे की सुरक्षा मजबूत करने का आह्वान किया है. इसमें सीमा-पार ऊर्जा ढांचा भी शामिल है.
समूह की घोषणा में ऊर्जा बाजारों में स्थिरता और अंतरराष्ट्रीय कानून के अनुरूप वैश्विक व्यापार, आपूर्ति शृंखलाओं तथा ऊर्जा के सुचारु प्रवाह को बनाए रखने की जरूरत बताई गई. नेताओं ने ऊर्जा सुरक्षा को सामाजिक-आर्थिक विकास, राष्ट्रीय सुरक्षा और सभी देशों के कल्याण की महत्वपूर्ण बुनियाद बताया.
घोषणा में स्मार्ट ग्रिड, ऊर्जा भंडारण और महत्वपूर्ण खनिजों के क्षेत्र में अधिक सहयोग का समर्थन किया गया. ब्रिक्स ने कहा कि स्मार्ट ग्रिड और स्टोरेज तकनीक बिजली प्रणालियों के आधुनिकीकरण तथा नवीकरणीय ऊर्जा के बेहतर एकीकरण में मदद कर सकती हैं. ग्रिड प्रबंधन और दक्षता बढ़ाने में कृत्रिम बुद्धिमत्ता तथा डेटा एनालिटिक्स की भूमिका को भी रेखांकित किया गया.
घोषणा में ‘ब्रिक्स गाइडिंग प्रिंसिपल्स ऑन स्मार्ट ग्रिड्स एंड एनर्जी स्टोरेज’ का स्वागत किया गया. इसमें इस क्षेत्र में डिजिटल सेंटर ऑफ एक्सीलेंस स्थापित करने की भारत की पहल का भी उल्लेख है.
जीवाश्म ईंधन और स्वच्छ ऊर्जा दोनों पर जोर
ब्रिक्स नेताओं ने कहा कि उभरते बाजारों और विकासशील अर्थव्यवस्थाओं के लिए जीवाश्म ईंधन वैश्विक ऊर्जा मिश्रण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते रहेंगे. साथ ही, उन्होंने जलवायु लक्ष्यों के अनुरूप ग्रीनहाउस गैस उत्सर्जन घटाने की जरूरत पर जोर दिया.
घोषणा में नवीकरणीय ऊर्जा, जीवाश्म ईंधन, परमाणु ऊर्जा, जलविद्युत, हाइड्रोजन, कम-कार्बन तकनीक और ऊर्जा भंडारण को ऊर्जा सुरक्षा तथा टिकाऊ विकास के लिए महत्वपूर्ण बताया गया.
ब्रिक्स ने महत्वपूर्ण खनिजों की भरोसेमंद, विविधीकृत और मजबूत आपूर्ति शृंखलाओं की जरूरत भी बताई. इन खनिजों को शून्य और कम-उत्सर्जन वाली ऊर्जा तकनीकों के लिए जरूरी बताया गया. समूह ने यह भी कहा कि संसाधन-संपन्न देशों के पास अपने खनिज संसाधनों पर संप्रभु अधिकार और वैध सार्वजनिक नीतियां लागू करने की क्षमता बनी रहनी चाहिए.
