प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में शनिवार को हुए BRICS शिखर सम्मेलन में सदस्य देशों ने New Delhi Declaration को मंजूरी दी. पश्चिम एशिया में जारी युद्ध को लेकर ईरान और संयुक्त अरब अमीरात के रुख में मतभेद के बावजूद अंतिम समय में भाषा पर सहमति बनी. घोषणापत्र में संघर्ष के बीच “अधिकतम संयम” बरतने की अपील की गई, लेकिन ईरान पर अमेरिका और इजरायल के हमलों या खाड़ी देशों पर ईरान के हमलों का सीधे उल्लेख नहीं किया गया.

बैठक में रूस, चीन, ईरान, इंडोनेशिया, इथियोपिया, मिस्र और दक्षिण अफ्रीका समेत आठ सदस्य देशों के नेता शामिल हुए. ब्राजील और UAE ने उच्चस्तरीय प्रतिनिधि भेजे. मोदी ने कहा कि BRICS किसी के खिलाफ नहीं है और अलग-अलग दृष्टिकोणों का सम्मान करते हुए सर्वसम्मति से आगे बढ़ता है. उन्होंने समूह की कार्यप्रणाली में G20 जैसी “ट्रोइका” व्यवस्था, वैश्विक शासन सुधार का रोडमैप, समुद्र में संकटग्रस्त नाविकों के लिए नेटवर्क और नई तकनीकों में कौशल विकास के लिए Global South mechanism का प्रस्ताव रखा.

पश्चिम एशिया और गाजा पर रुख

घोषणापत्र में नागरिकों की सुरक्षा और नागरिक ढांचे तथा परमाणु प्रतिष्ठानों पर हमलों को लेकर गहरी चिंता जताई गई. इजरायल द्वारा गाजा में की गई बमबारी की कड़ी आलोचना करते हुए BRICS ने दक्षिण अफ्रीका की अंतरराष्ट्रीय अदालतों में दायर याचिका के समर्थन और गाजा में मानवीय सहायता पहुंचाने की बात कही. समूह ने 1967 की सीमाओं और पूर्वी यरुशलम को राजधानी बनाकर फिलिस्तीन के लिए दो-राष्ट्र समाधान का समर्थन किया. फिलिस्तीनी आबादी के जबरन विस्थापन का भी विरोध किया गया.

रूस-यूक्रेन युद्ध पर घोषणापत्र में अलग से कोई उल्लेख नहीं किया गया. समूह ने क्यूबा पर अमेरिकी नाकाबंदी की आलोचना और सूडान में हिंसा पर चिंता जताई. आर्थिक मोर्चे पर सदस्य देशों ने आपसी व्यापार और राष्ट्रीय मुद्राओं में भुगतान बढ़ाने पर सहमति जताई तथा एकतरफा प्रतिबंधों की निंदा की.

चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने प्रधानमंत्री मोदी से करीब एक घंटे की द्विपक्षीय बैठक के बाद घोषणा की कि चीन अगले वर्ष BRICS की अध्यक्षता करेगा. उन्होंने समूह को उभरते बाजारों और विकासशील देशों के सहयोग का प्रभावशाली मंच बताया. सम्मेलन से इतर ईरानी राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियन और अबू धाबी के क्राउन प्रिंस खालिद बिन मोहम्मद अल नाहयान के बीच मुलाकात भी हुई.