नई दिल्ली में 18वें BRICS शिखर सम्मेलन से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियान के साथ अलग-अलग द्विपक्षीय बैठकें कीं. दोनों नेताओं के साथ हुई बातचीत में द्विपक्षीय संबंधों और क्षेत्रीय मुद्दों पर चर्चा हुई.

भारत की ओर से साझा जानकारी के अनुसार, प्रधानमंत्री मोदी और राष्ट्रपति पुतिन की बातचीत करीब 45 मिनट चली. दोनों पक्षों ने अलग-अलग क्षेत्रों में सहयोग के लिए अपने मजबूत संकल्प को दोहराया और ‘भारत-रूस विशेष एवं विशेषाधिकार प्राप्त रणनीतिक साझेदारी’ को और मजबूत करने के प्रयास जारी रखने पर सहमति जताई.

बैठक के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने पुतिन को तमिल संत तिरुवल्लुवर की रचना ‘तिरुक्कुरल’ का रूसी अनुवाद भेंट किया. मोदी ने कहा कि यह पुस्तक दोनों देशों के सांस्कृतिक संबंधों को आगे बढ़ाने में भूमिका निभा सकती है.

पेजेशकियान के साथ बैठक में पश्चिम एशिया की स्थिति की समीक्षा की गई. प्रधानमंत्री मोदी ने इस क्षेत्र के विवादों को बातचीत और कूटनीति के जरिए सुलझाने पर जोर दिया. दोनों नेताओं ने भारत और ईरान के संबंधों को और बेहतर बनाने के तरीकों पर भी चर्चा की.

यह मोदी और पेजेशकियान की दो सप्ताह से कम समय में दूसरी मुलाकात थी. बैठक से पहले और बाद की तस्वीरों में दोनों नेताओं के बीच सहज संवाद दिखाई दिया.

BRICS बैठक से पहले गतिविधियां तेज

नई दिल्ली के भारत मंडपम में BRICS बिजनेस फोरम के लीडर्स सेशन के दौरान ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची, विदेश मंत्री एस. जयशंकर और राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल बातचीत करते दिखाई दिए. प्रधानमंत्री मोदी ने BRICS नेताओं, BRICS बिजनेस काउंसिल के अध्यक्षों और BRICS महिला बिजनेस अलायंस के साथ समूह तस्वीर भी खिंचवाई.

BRICS सम्मेलन के लिए विदेशी नेताओं का दिल्ली पहुंचना जारी रहा. राज्य मंत्री कीर्ति वर्धन सिंह ने हवाई अड्डे पर अबू धाबी के क्राउन प्रिंस शेख खालिद बिन मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान का स्वागत किया. सम्मेलन को देखते हुए राजधानी में सुरक्षा और यातायात व्यवस्था के विशेष इंतजाम किए गए हैं.