नई दिल्ली में BRICS शिखर सम्मेलन से पहले सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है. 12 सितंबर को भारत मंडपम परिसर में SWAT टीम की तैनाती की गई. विश्व स्वास्थ्य संगठन के प्रमुख डॉ. टेड्रोस अधानोम घेब्रेयेसस भी नई दिल्ली पहुंचे.
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार सुबह संयुक्त अरब अमीरात के क्राउन प्रिंस से मुलाकात कर सकते हैं. इससे पहले शुक्रवार, 11 सितंबर को उन्होंने ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियन से मुलाकात की थी. बैठक के दौरान मोदी ने अमेरिका और ईरान के बीच जारी संघर्ष का समाधान संवाद और कूटनीति के जरिए निकालने की बात कही.
पेजेशकियन ने बाद में एक सार्वजनिक कार्यक्रम में कहा कि मोदी के साथ हुई बातचीत से ईरान के ऊर्जा और वाणिज्यिक संबंधों को भारत के साथ आगे बढ़ाने में मदद मिलेगी. उन्होंने इजरायल और अमेरिका को “बुली” कहा और कहा कि ईरान को डराया नहीं जा सकता.
‘दिल्ली घोषणा’ पर अंतिम दौर की बातचीत
भारत की मेजबानी में होने वाले BRICS सम्मेलन में 11 उभरती अर्थव्यवस्थाओं के भाग लेने की बात कही गई है. सम्मेलन से पहले वार्ताकार शुक्रवार देर रात तक ‘दिल्ली घोषणा’ के मसौदे पर सहमति बनाने में जुटे रहे.
मीडिया रिपोर्ट्स में राजनयिक सूत्रों और अधिकारियों के हवाले से बताया गया कि सदस्य देश मसौदे के लगभग पूरे पाठ पर सहमत हो चुके थे, लेकिन एक पैराग्राफ पर मतभेद कायम थे. यह पैराग्राफ ईरान से जुड़े पश्चिम एशिया संघर्ष, अमेरिका और इजरायल की कार्रवाई तथा ईरान द्वारा संयुक्त अरब अमीरात और पश्चिम एशिया के अन्य देशों में प्रतिष्ठानों पर किए गए हमलों के संदर्भ से जुड़ा बताया गया है.
इस विवादित हिस्से पर सहमति बनती है या नहीं, यह सम्मेलन के प्रमुख कूटनीतिक परिणामों में से एक होगा.
