ब्रिक्स सम्मेलन के दौरान सुरक्षा और व्यवस्था के तहत कनॉट प्लेस में अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई की गई. अस्थायी दुकानें और रेहड़ियां हटने के बाद सफेद इमारतों के नीचे बने गलियारे खुले नजर आए और दुकानों के सामने पैदल चलने के लिए पहले की तुलना में अधिक जगह दिखाई दी. कई स्थानों पर बैठने की जगह भी साफ नजर आई.
कार्रवाई के बाद कनॉट प्लेस का स्वरूप पुराने व्यापारियों और दिल्लीवासियों को 1980 के दशक की याद दिला रहा है. स्थानीय व्यापारियों के मुताबिक उस समय गलियारे मुख्य रूप से पैदल आवाजाही के लिए खुले रहते थे और बाजार की गोलाकार संरचना स्पष्ट दिखाई देती थी. समय के साथ रेहड़ियों, अस्थायी दुकानों और अतिक्रमण के बढ़ने से यह जगह सिकुड़ती गई.
सम्मेलन के दौरान भिखारियों और खुले में रहने वाले लोगों की मौजूदगी भी आम दिनों की तुलना में कम दिखाई दी. हालांकि, इस बदलाव ने स्थायी व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं. व्यापारियों का कहना है कि अगर बड़े आयोजन के दौरान कुछ घंटों की कार्रवाई से गलियारे व्यवस्थित किए जा सकते हैं, तो सामान्य दिनों में भी ऐसी व्यवस्था कायम रहनी चाहिए.
जी-20 के बाद फिर उठा स्थायी समाधान का मुद्दा
कनॉट प्लेस के दुकानदारों के मुताबिक जी-20 सम्मेलन के दौरान भी इसी तरह अतिक्रमण हटाया गया था. उस समय कुछ दिनों तक बाजार साफ और खुला दिखाई दिया, लेकिन आयोजन खत्म होने के बाद स्थिति धीरे-धीरे पहले जैसी हो गई. व्यापारियों का दावा है कि कार्रवाई के कुछ समय बाद गलियारों में फिर रेहड़ियां और अस्थायी दुकानें लौट आती हैं.
एक कैफे संचालक शेखर ने नियमित निगरानी और कार्रवाई की जरूरत बताई. ज्वैलरी शॉप संचालिका मोनिका के मुताबिक अतिक्रमण से बाजार की सुंदरता के साथ पैदल आवाजाही और सुरक्षा भी प्रभावित होती है. व्यापारियों की मांग है कि अभियान को केवल आयोजनों तक सीमित रखने के बजाय स्थायी व्यवस्था बनाई जाए.
