दिल्ली में 12 सितंबर से होने वाले BRICS सम्मेलन की तैयारियों के बीच लग्जरी और प्रीमियम कारों की मांग तेजी से बढ़ने की बात सामने आई है. विदेशी प्रतिनिधियों, VVIP मेहमानों और वरिष्ठ अधिकारियों की आवाजाही के लिए Mercedes, BMW, Maybach और Toyota Vellfire जैसी गाड़ियों की बुकिंग बढ़ी है. मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, कुछ कारों का किराया लाखों रुपये तक पहुंच गया है.

इंडियन टूरिस्ट ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन के अध्यक्ष सतीश शेरावत के मुताबिक, बड़े अंतरराष्ट्रीय आयोजनों के दौरान प्रीमियम कारों की मांग सामान्य दिनों की तुलना में बढ़ जाती है. इस बार ब्लैक रंग की गाड़ियों को सबसे अधिक पसंद किया जा रहा है. ब्लैक Maybach, Vellfire, Mercedes और BMW के अलावा सफेद गाड़ियों की मांग भी बनी हुई है.

दूसरे शहरों से दिल्ली लाई जा रहीं कारें

परिवहन कारोबार से जुड़े लोगों के अनुसार, मांग पूरी करने के लिए दूसरे शहरों और राज्यों से भी लग्जरी कारें दिल्ली लाई जा रही हैं. पूनिया ट्रैवल्स के मालिक हरमनप्रीत सिंह ने बताया कि ऐसा गाड़ियों की उपलब्धता और तेज आवाजाही की जरूरत, दोनों वजहों से किया जा रहा है.

ट्रांसपोर्टर्स का कहना है कि कुछ वाहनों में लगे स्पीड लॉक के कारण उनकी अधिकतम गति 80 किलोमीटर प्रति घंटे तक सीमित रहती है. लंबे रूट या तेज मूवमेंट की जरूरत होने पर ऐसी कारों को प्राथमिकता दी जा रही है, जो इस जरूरत के अनुरूप हों.

कारों के साथ प्रशिक्षित शॉफर की मांग भी बढ़ी है. ड्राइवरों को VVIP और विदेशी मेहमानों के साथ व्यवहार, पहनावे और सामान्य अंग्रेजी बातचीत के लिए तैयार किया जाता है. इससे सम्मेलन के दौरान प्रीमियम परिवहन को केवल वाहन सेवा नहीं, बल्कि मेहमाननवाजी का हिस्सा माना जा रहा है.