BRICS सम्मेलन के अंतिम दिन दिल्ली में यातायात व्यवस्था में बड़े बदलाव किए गए हैं. दिल्ली ट्रैफिक पुलिस के अनुसार, रविवार को सुबह 8 बजे से रात 8 बजे तक 22 स्थानों पर डायवर्जन और 35 से अधिक सड़कों पर वाहनों की आवाजाही नियंत्रित रहेगी. सम्मेलन भारत मंडपम, प्रगति मैदान में आयोजित हो रहा है.

प्रभावित प्रमुख मार्गों में सरदार पटेल मार्ग, मदर टेरेसा क्रिसेंट, तीन मूर्ति मार्ग, अकबर रोड, तिलक मार्ग, मथुरा रोड, जनपथ, अशोका रोड, बाराखंभा रोड, टॉल्स्टॉय मार्ग, नीति मार्ग, पंचशील मार्ग, अफ्रीका एवेन्यू रोड, प्रेस एन्क्लेव रोड और लाला लाजपत राय मार्ग शामिल हैं.

प्रमुख डायवर्जन और प्रतिबंध

डॉ. दिनेश नंदिनी डालमिया चौक पर मथुरा रोड और तिलक मार्ग का यातायात नियंत्रित किया जाएगा. पूर्वी और दक्षिणी दिल्ली जाने वाले वाहनों को बीएसजेड मार्ग और आईपी मार्ग से भेजा जाएगा, जबकि नई दिल्ली और कनॉट प्लेस की ओर जाने वाले यात्रियों के लिए सिकंदरा रोड का इस्तेमाल करने को कहा गया है. राम चरण अग्रवाल चौक से डब्ल्यू-पॉइंट की दिशा में जाने वाले व्यावसायिक वाहनों को आगे नहीं जाने दिया जाएगा. उन्हें गंतव्य के अनुसार आईपी मार्ग, डीडीयू मार्ग या बीएसजेड मार्ग की ओर मोड़ा जाएगा.

कनॉट प्लेस, पटेल चौक और आरएमएल अस्पताल के आसपास भी प्रतिबंध लागू रहेंगे. भारत मंडपम की ओर मथुरा रोड से आने वाले यातायात को लोधी और ओबेरॉय फ्लाईओवर के पास वैकल्पिक मार्गों पर भेजा जाएगा.

नई दिल्ली, पुरानी दिल्ली और हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशनों के लिए अलग वैकल्पिक मार्ग बताए गए हैं. हवाईअड्डे जाने वालों को मेट्रो लेने की सलाह दी गई है. सभी मेट्रो स्टेशन चालू रहेंगे, हालांकि वीवीआईपी आवाजाही के दौरान बसों के मार्ग बदले जा सकते हैं.

आपातकालीन और चिकित्सा वाहनों को प्राथमिकता मिलेगी. गैर-गंतव्य व्यावसायिक वाहनों को दिल्ली में प्रवेश नहीं दिया जाएगा और नियंत्रित सड़कों के 200 मीटर के दायरे में सड़क किनारे पार्किंग पर रोक रहेगी.