नई दिल्ली में 12 और 13 सितंबर को 18वां BRICS लीडर्स समिट आयोजित होगा. कार्यक्रम भारत मंडपम में होगा, जहां प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन, चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग और अन्य वैश्विक नेताओं की मेजबानी करेंगे. उपलब्ध रिपोर्ट के अनुसार, नेताओं के लिए आयोजित डिनर के मेन्यू में उत्तर प्रदेश के गलौटी कबाब, महाराष्ट्र की भाकरवड़ी और राजस्थान की कचौड़ी शामिल हैं.

समिट के लिए राजधानी के लग्जरी होटलों में कई हफ्तों से तैयारियां चल रही हैं. रिपोर्ट के मुताबिक, पुतिन के ITC मौर्या और शी जिनपिंग के ताज पैलेस में ठहरने की उम्मीद है. UAE के नेतृत्व वाला प्रतिनिधिमंडल द लीला पैलेस, जबकि मिस्र का प्रतिनिधिमंडल शेरेटन नई दिल्ली में ठहर सकता है.

होटलों में कमरों की मांग बढ़ी

प्रतिनिधिमंडलों, सुरक्षा कर्मियों, मीडिया और अन्य अधिकारियों की जरूरत के कारण समिट की तारीखों के आसपास प्रमुख होटलों में कमरों की उपलब्धता कम हुई है. द ललित के 460 कमरों में करीब 90% बुकिंग होने की बात कही गई है. होटल का औसत दैनिक किराया सामान्य दिनों की तुलना में 30 से 40% अधिक रहने का अनुमान है.

द लीला पैलेस में दाल मखनी, बिरयानी, दिल्ली की चाट, भारतीय फल और सत्तू, बाजरा व रागी से बने व्यंजन परोसे जा रहे हैं. ताज महल होटल के स्नैक्स मेन्यू में कश्मीरी मसालेदार अखरोट, पुरानी दिल्ली का मैदा काजू, बंगाल की कूचो निमकी और तमिलनाडु का मुरुक्कू शामिल हैं.

भारत मंडपम में ‘वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट’ प्रदर्शनी भी लगाई गई है. इसमें 70 कला और हथकरघा उत्पाद प्रदर्शित किए गए हैं. यह 770 जिलों के 1,200 से अधिक उत्पादों को सामने लाने की पहल का हिस्सा है.