महिला पहलवानों से जुड़े यौन शोषण मामले में भारतीय कुश्ती संघ (WFI) के पूर्व अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह को जवाब दाखिल करने का आखिरी मौका मिला है. दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट ने मामले की अगली सुनवाई 20 नवंबर तय की है.
बुधवार को हुई सुनवाई में बृजभूषण सिंह के वकील ऑनलाइन पेश हुए और जवाब दाखिल करने के लिए एक सप्ताह का समय मांगा. विशेष न्यायाधीश ने समय देते हुए स्पष्ट किया कि यह आखिरी अवसर है.
अदालत ने डिजिटल रिकॉर्ड उपलब्ध कराने को कहा
इससे पहले 9 अक्टूबर की सुनवाई में अदालत ने निचली अदालत में हुई पूरी कार्यवाही का डिजिटल रिकॉर्ड पेन ड्राइव के जरिए संबंधित पक्षों को उपलब्ध कराने का निर्देश दिया था. यह रिकॉर्ड याचिका दायर करने वाली महिला पहलवानों, बृजभूषण शरण सिंह, पूर्व WFI सचिव विनोद तोमर और दिल्ली पुलिस को दिया जाना है.
अदालत ने दिल्ली पुलिस से यह भी पूछा था कि क्या वह निचली अदालत के फैसले के खिलाफ अपील दाखिल करेगी. पुलिस ने इस संबंध में जवाब देने के लिए समय मांगा था.
महिला पहलवानों ने बरी किए जाने को चुनौती दी
राउज एवेन्यू कोर्ट ने 3 अगस्त को बृजभूषण शरण सिंह और विनोद तोमर को बरी कर दिया था. इसके खिलाफ महिला पहलवानों ने सेशंस कोर्ट में याचिका दायर की है.
याचिका में पहलवानों ने दावा किया है कि निचली अदालत ने रिकॉर्ड पर मौजूद साक्ष्यों का चुनिंदा और त्रुटिपूर्ण आकलन किया. उनका आरोप है कि फैसला अनुमानों और अटकलों पर आधारित था.
याचिका में यह भी कहा गया है कि फैसले में यौन उत्पीड़न की शिकायत करने वाली महिलाओं के व्यवहार को लेकर रूढ़िवादी धारणाओं का सहारा लिया गया. पहलवानों ने निचली अदालत के आदेश की समीक्षा की मांग की है.
