जम्मू-कश्मीर के बडगाम जिले के यूसमर्ग इलाके में सुरक्षाबलों के साथ हुई मुठभेड़ में एक आतंकी मारा गया है. अधिकारियों के अनुसार, मारे गए आतंकी की पहचान पाकिस्तानी लश्कर कमांडर मूसा के रूप में हुई है. हालांकि, अभियान अभी खत्म नहीं हुआ है और इलाके में तलाशी जारी है.
यह कार्रवाई कोराग इलाके में आतंकियों की मौजूदगी से जुड़ी खुफिया सूचना मिलने के बाद शुरू की गई थी. भारतीय सेना, जम्मू-कश्मीर पुलिस और CRPF ने संयुक्त तलाशी अभियान चलाया. सुरक्षाबलों के मुताबिक, तलाशी के दौरान जवानों ने संदिग्ध गतिविधियां देखीं और आतंकियों को चुनौती दी. इसके बाद दूसरी ओर से गोलीबारी शुरू हुई, जिसका जवाब दिया गया.
सेना की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, मुठभेड़ के बाद सुरक्षाबलों ने इलाके की घेराबंदी बनाए रखी है. गुरवेतकलां गांव में भी आतंकियों की मौजूदगी की सूचना के बाद तलाशी अभियान चलाया जा रहा है. अधिकारियों ने बताया कि मूसा बडगाम के दूधपथरी क्षेत्र के जंगलों में हुई कार्रवाई में मारा गया.
अधिकारियों के मुताबिक, मूसा जम्मू-कश्मीर में कई हमलों से जुड़ा हुआ था और सुरक्षाबलों को उसकी तलाश थी. उसका करीबी साथी यासिर 5 सितंबर को हुई एक अन्य मुठभेड़ में मारा गया था.
मीडिया रिपोर्ट्स में सुरक्षा सूत्रों के हवाले से यह भी कहा गया है कि इलाके में एक और शीर्ष गैर-स्थानीय लश्कर कमांडर के छिपे होने की आशंका है. सुरक्षाबल पूरे क्षेत्र में चप्पे-चप्पे की तलाशी ले रहे हैं. अभियान पूरा होने के बाद मुठभेड़ से जुड़ी अतिरिक्त जानकारी सामने आने की उम्मीद है.
