पश्चिम बंगाल के बक्सा टाइगर रिजर्व से निकलकर असम के बोडोलैंड क्षेत्र में पहुंची बाघिन BT1 को वन अधिकारियों ने सुरक्षित पकड़ लिया है. अधिकारियों के मुताबिक, बाघिन ने 100 किलोमीटर से अधिक दूरी तय की और असम के कोकराझार जिले के राइमोना नेशनल पार्क तक पहुंच गई थी.

BT1 को 2 अक्टूबर 2026 को बक्सा टाइगर रिजर्व में जंगल में छोड़ा गया था. 23 अक्टूबर से उसकी गतिविधियां असम के वन क्षेत्रों में दर्ज की गईं. इसके बाद वह मानव बस्तियों के करीब पहुंचने लगी, जिससे स्थानीय लोगों और बाघिन दोनों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ी.

बाघिन को पकड़ने के लिए पश्चिम बंगाल और बोडोलैंड क्षेत्र के वन विभागों ने संयुक्त अभियान चलाया. इसमें जिला प्रशासन, पुलिस और स्थानीय समुदायों ने भी सहयोग किया. अभियान के दौरान टीमों ने उसकी गतिविधियों पर नजर रखी और सुरक्षित तरीके से उसे काबू में लिया.

असम के पर्यावरण एवं वन मंत्री जयंत मल्लबरुआ ने अभियान में शामिल टीमों की सराहना की. उन्होंने इसे वन्यजीवों की आवाजाही से जुड़ी चुनौतियों से निपटने में अंतरराज्यीय समन्वय का उदाहरण बताया.